World Cup Final 2027 : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की नजरें अब वनडे विश्व कप 2027 पर टिकी हैं। कोहली चाहते हैं कि भारतीय टीम एक बार फिर विश्व चैंपियन बने और वह इस ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाएं। उन्होंने अपनी एक खास इच्छा भी जाहिर की है। कोहली का सपना है कि विश्व कप के फाइनल में भारत लक्ष्य का पीछा कर रहा हो और वह खुद मैच जिताने वाली पारी खेलें। इसके साथ ही उन्होंने 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार को लेकर भी खुलकर बात की।
जियोस्टार से बातचीत में विराट कोहली ने बताया कि उनके अंदर मैच जीतने की भूख आज भी पहले जैसी है। वह जब भी मैदान पर उतरते हैं, उनका मकसद टीम की जीत में योगदान देना होता है। यही सोच उन्हें लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है।
World Cup Final 2027
कोहली ने कहा कि अगर उन्हें 2027 विश्व कप के फाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को जीत दिलाने का मौका मिलता है, तो एक बल्लेबाज के तौर पर इससे बड़ी संतुष्टि उनके लिए कुछ नहीं होगी। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि व्यक्तिगत प्रदर्शन से कहीं ज्यादा जरूरी भारत का विश्व कप जीतना है। विराट कोहली ने 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में मिली हार का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस हार को स्वीकार करना उनके लिए आसान नहीं था। कई दिनों तक वह उस मुकाबले के बारे में सोचते रहे।
कोहली के मुताबिक, फाइनल में जब वह 54 रन बनाकर खेल रहे थे, तब उन्हें लग रहा था कि वह अपनी पारी को बड़े स्कोर में बदल सकते हैं। उनका मानना है कि अगर वह उस दिन 140 या 150 रन बनाने में सफल रहते, तो भारतीय टीम मुकाबला जीतने की बेहतर स्थिति में होती।
टीम में था अलग ही माहौल
उन्होंने इस हार की तुलना आईपीएल 2016 के फाइनल से भी की। कोहली ने बताया कि 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के चैंपियन बनने से पहले तक उन्हें 2016 के फाइनल की यादें परेशान करती थीं। 2023 विश्व कप को याद करते हुए कोहली ने कहा कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय ड्रेसिंग रूम का माहौल शानदार था। सभी खिलाड़ी एक-दूसरे का साथ दे रहे थे और टीम के भीतर जबरदस्त तालमेल था। हार्दिक पांड्या के चोटिल होकर बाहर होने से टीम को नुकसान जरूर हुआ, लेकिन मोहम्मद शमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उनकी कमी को काफी हद तक पूरा किया। कोहली के अनुसार, उस समय पूरी टीम को लग रहा था कि इस बार विश्व कप भारत ही जीतेगा। ऐसे में फाइनल में मिली हार को स्वीकार करना और भी मुश्किल हो गया।
बल्लेबाज नहीं मानते विराट
क्रिकेट इतिहास के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज होने के सवाल पर कोहली ने कहा कि वह खुद को इस श्रेणी में नहीं रखते। उनके मुताबिक, अलग-अलग दौर में कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। कुछ के आंकड़े बेहतर रहे हैं, जबकि कुछ खिलाड़ियों ने अपने खेल से अलग तरह का प्रभाव छोड़ा है। कोहली ने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ी बात लंबे समय तक देश का प्रतिनिधित्व करना है। वह आज भी भारत के लिए खेलने को लेकर उतने ही उत्साहित हैं। उनका लक्ष्य आगे भी टीम के लिए महत्वपूर्ण पारियां खेलना और ज्यादा से ज्यादा मुकाबले जिताना है।




