CM Yogi Hoisted Flag : 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को पूरा उत्तर प्रदेश देशभक्ति के रंग में नजर आया। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानभवन परिसर में ध्वजारोहण किया। समारोह की शुरुआत पहली बार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान विधानभवन परिसर में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समारोह में भगवा पगड़ी पहने नजर आए, जबकि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक धोती-कुर्ते में दिखाई दिए।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर भी तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद 1947 में देश को आजादी मिली। आजादी का यह वातावरण भारत माता के वीर सपूतों और बलिदानियों के त्याग का परिणाम है।
CM Yogi Hoisted Flag
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में सुशासन के प्रभाव से पिछले नौ वर्षों में करीब 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है। चार करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं और बड़े उद्योगों की संख्या ढाई गुना बढ़ी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 22 हजार से अधिक स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं, जबकि नौ लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के चार प्रमुख वर्ग गरीब, युवा, महिला और किसान हैं। इनके हित में योजनाओं और नीतियों को आगे बढ़ाने से देश और प्रदेश को बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। उन्होंने देश को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने और सामूहिक प्रयासों के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
स्वतंत्रता सेनानियों को याद
सीएम योगी ने 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य संग्राम से लेकर चौरीचौरा और काकोरी ट्रेन एक्शन तक के संघर्षों को याद किया। उन्होंने मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई, धनसिंह कोतवाल समेत आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले वीरों को नमन किया। महात्मा गांधी, सरदार पटेल, डॉ. भीमराव आंबेडकर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के योगदान को भी याद किया। स्वतंत्रता दिवस पर यूपी के घरों, दुकानों और सरकारी-गैर सरकारी इमारतों पर तिरंगा लहराता नजर आया। चौराहों और सरकारी कार्यालयों को भी तिरंगे से सजाया गया। आगरा में बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकाली, जबकि वाराणसी में बाबा विश्वनाथ मंदिर को तिरंगे के रंग में सजाया गया।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज विधान भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ। साथ ही, अपना सर्वोच्च बलिदान देकर भारत माता का मस्तक ऊंचा करने वाले वीर जवानों के परिजनों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से… pic.twitter.com/gSAsTzHeUt
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 15, 2026
देश की सांस्कृतिक विविधता
ध्वजारोहण के बाद बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल के लोकगीतों पर कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश से आए कलाकारों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने शहीदों और राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित जवानों के परिजनों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया।
Read More : Vastu Tips: घर में दवाई रखने की भी होती है सही जगह, इन स्थानों पर भूलकर भी न रखें मेडिसिन





