Home » उत्तर प्रदेश » Agra Janakpuri Mahotsav 2026: रामायण थीम पर सजेंगे 5 भव्य प्रवेश द्वार, हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की तैयारी

Agra Janakpuri Mahotsav 2026: रामायण थीम पर सजेंगे 5 भव्य प्रवेश द्वार, हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की तैयारी

Agra Janakpuri Mahotsav 2026 : आगरा का जनकपुरी महोत्सव-2026 इस बार पहले से कहीं अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा। आयोजन समिति ने रामायण थीम पर पूरे महोत्सव क्षेत्र को सजाने की तैयारी शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पांच भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे, जबकि करीब 16 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में विशाल जनक महल तैयार किया जाएगा। महोत्सव में आधुनिक सुविधाओं के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) ने बताया कि इस बार मिथिला नगरी में प्रवेश के लिए एक मुख्य और चार अन्य भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। मुख्य द्वार भावना एस्टेट रोड पर होगा।

Agra Janakpuri Mahotsav 2026

सभी प्रवेश द्वारों को रामायण की थीम के अनुरूप सजाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को प्रवेश करते ही धार्मिक वातावरण का अनुभव हो सके। कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट के पास लगभग 16 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में भव्य जनक महल का मुख्य मंच बनाया जाएगा। इसके साथ ही पूरे जनकपुरी क्षेत्र में रामायणकालीन झांकियां, आकर्षक विद्युत सज्जा और धार्मिक प्रसंगों की कलात्मक प्रस्तुति की जाएगी। आयोजन समिति का उद्देश्य इस बार महोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाना है।

रहेंगी विशेष सुविधाएं

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख प्रवेश द्वारों के पास विशेष वेटिंग रूम बनाए जाएंगे। यहां वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के बैठने की व्यवस्था होगी। महोत्सव स्थल तक पहुंचाने के लिए ई-रिक्शा और गोल्फ कार्ट चलाने की भी योजना है, ताकि सभी श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के आयोजन का आनंद ले सकें। मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह ने बताया कि पांचों प्रवेश द्वारों और जनक महल के आसपास रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित झांकियां स्थापित की जाएंगी। इस बार भगवान श्रीराम की बहन शांता और उनके पति श्रृंगी ऋषि के जीवन पर विशेष झांकी तैयार की जाएगी। आयोजन समिति का उद्देश्य जिले की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत से लोगों को परिचित कराना है।

पुष्प वर्षा का प्रस्ताव

महोत्सव की सबसे खास तैयारी भगवान श्रीराम की राम बरात के स्वागत को लेकर की जा रही है। समिति ने प्रशासन से अनुमति मिलने पर राम बरात के मिथिला नगरी में प्रवेश के दौरान हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराने का प्रस्ताव रखा है। यदि अनुमति मिलती है तो आसमान से होने वाली पुष्प वर्षा इस बार जनकपुरी महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण बन सकती है।

Read More : Agra कॉलेज और ISBT मेट्रो स्टेशन पर बने फुट ओवर ब्रिज, दिसंबर तक सिकंदरा कॉरिडोर होगा तैयार

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?