Agra Metro : आगरा मेट्रो परियोजना के तहत यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए आगरा कॉलेज और आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण पूरा हो गया है। इन पुलों के शुरू होने से लोगों को व्यस्त सड़कों को पार करने में आसानी होगी और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा। वहीं गुरु का ताल और सिकंदरा मेट्रो स्टेशन पर भी एफओबी का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) का लक्ष्य दिसंबर तक पूरे पहले कॉरिडोर का निर्माण पूरा करना है।
यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा के अनुसार, आगरा मेट्रो के पहले कॉरिडोर का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक तैयार किया जा रहा है।
Agra Metro
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यात्री ताज पूर्वी से सिकंदरा तक मेट्रो से सीधा सफर कर सकेंगे, जिससे शहर के प्रमुख क्षेत्रों के बीच आवागमन पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक होगा। आगरा मेट्रो परियोजना में कुल दो कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें 27 मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इनमें 20 स्टेशन एलिवेटेड होंगे। पहले कॉरिडोर में छह एलिवेटेड स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जबकि दूसरा कॉरिडोर पूरी तरह एलिवेटेड होगा, जिसमें 14 स्टेशन शामिल हैं। परियोजना पूरी होने के बाद शहर का सार्वजनिक परिवहन और अधिक आधुनिक एवं सुगम हो जाएगा।
बनाए जा रहे FOB
आगरा कॉलेज और आईएसबीटी स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज तैयार होने से यात्रियों को बिना सड़क पर ट्रैफिक के बीच आए सुरक्षित तरीके से स्टेशन तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। गुरु का ताल और सिकंदरा स्टेशन पर भी इसी तरह के एफओबी बनाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन सुविधाओं से मेट्रो यात्रियों के साथ-साथ आम लोगों को भी सुरक्षित आवागमन का लाभ मिलेगा और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
Read More : UP का अनोखा गांव, जहां घूमने के लिए भी लेना पड़ता है टिकट; रोज 100 लोगों को मिलता है मुफ्त भोजन




