Home » उत्तर प्रदेश » UP में शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की जल्द होगी भर्ती, अगस्त में आ सकता है विज्ञापन

UP में शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की जल्द होगी भर्ती, अगस्त में आ सकता है विज्ञापन

UP Teacher Recruitment 2026 : उत्तर प्रदेश में सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों और कॉलेजों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की तैयारी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग में करीब 80 हजार शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। आयोग के सदस्य योगेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की तैयारी चल रही है। संभावना है कि अगस्त 2026 में भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा।

प्रस्तावित भर्ती में लगभग 18 हजार प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी), 3 हजार प्रवक्ता (पीजीटी) और करीब 2,500 हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्य पद शामिल किए जाएंगे। इससे वर्षों से रिक्त पड़े पदों को भरने का रास्ता साफ होगा।

UP Teacher Recruitment 2026

आयोग के अनुसार सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी, पीजीटी और प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों के लिए जुलाई के मध्य तक अधियाचन मिलने की उम्मीद है। अधियाचन मिलते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। माध्यमिक शिक्षा के अलावा बेसिक शिक्षा विभाग में भी बड़े स्तर पर नियुक्तियां की जाएंगी। आयोग को प्राथमिक शिक्षकों के 11,508 पदों का अधियाचन पहले ही प्राप्त हो चुका है। इसके अतिरिक्त अन्य रिक्त पदों का प्रस्ताव भी जल्द मिलने की संभावना है। कुल मिलाकर बेसिक शिक्षा विभाग में करीब 55 हजार शिक्षकों की भर्ती की तैयारी की जा रही है, जिससे प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर हो सकेगी।

मिलेंगे रोजगार के अवसर

उच्च शिक्षा विभाग में भी नियुक्तियों का रास्ता खुलने जा रहा है। आयोग ने बताया कि सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेजों में लगभग 1,700 सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) के पदों पर भी जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इससे उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षकों के रिक्त पद भरने में मदद मिलेगी और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

आयोग सदस्य योगेंद्र नाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि टीजीटी, पीजीटी और प्रधानाचार्य भर्ती में अधिकतम आयु सीमा को लेकर कोई नया बदलाव नहीं किया जा रहा है। भर्ती पहले से लागू नियमों के अनुसार ही होगी। वहीं पीजीटी भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए बीएड की अनिवार्यता भी पहले की तरह जारी रहेगी। इससे अभ्यर्थियों के बीच चल रही विभिन्न अटकलों पर भी विराम लग गया है।

परीक्षा व्यवस्था पर भी रखी जा रही नजर

योगेंद्र नाथ सिंह शुक्रवार को मेरठ में यूपीटीईटी परीक्षा के जनपद पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने खालसा कन्या इंटर कॉलेज, डीएन इंटर कॉलेज और त्रिशला देवी इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। दोनों पालियों की परीक्षा का जायजा लेने के बाद उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उनके साथ सह जिला विद्यालय निरीक्षक कृष्ण कुमार और प्रभारी सह जिला विद्यालय निरीक्षक नवीन सिरोही भी मौजूद रहे। आयोग का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां जारी हैं।

Read More : Kanpur GSVM मेडिकल कॉलेज को 591 करोड़ की सौगात, हैलट में बनेगा ओपीडी कॉम्प्लेक्स

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?