Home » उत्तर प्रदेश » Agra Fort Light & Sound Show: अब मात्र इतने रुपये में देख सकेंगे लाइट एंड साउंड शो, मच्छरों से मिलेगी राहत

Agra Fort Light & Sound Show: अब मात्र इतने रुपये में देख सकेंगे लाइट एंड साउंड शो, मच्छरों से मिलेगी राहत

Agra Fort Light & Sound Show : आगरा किला स्थित दीवान-ए-आम में आयोजित लाइट एंड साउंड शो को अधिक आकर्षक बनाने के लिए प्रशासन ने कई अहम कदम उठाने का फैसला किया है। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने शो के दौरान मच्छरों की समस्या खत्म करने के लिए पर्यटन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पर्यटकों की शिकायत रही है कि मच्छरों के कारण शो का आनंद प्रभावित होता है, जिससे दर्शकों की संख्या भी कम हो रही है। इस प्रस्ताव को पथकर सलाहकार समिति की बैठक में मंजूरी मिल चुकी है।

पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए लाइट एंड साउंड शो का टिकट शुल्क 300 रुपये से घटाकर 100 रुपये करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक पहले से ही अपनी सीट आरक्षित कर सकें।

Agra Fort Light & Sound Show

‘रंग-ए-आगरा: युगों का सफर’ थीम पर आधारित इस लाइट एंड साउंड शो में प्रोजेक्शन मैपिंग तकनीक के जरिए आगरा के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाता है। हालांकि, प्रचार-प्रसार की कमी और अन्य व्यवस्थागत समस्याओं के कारण अपेक्षित संख्या में पर्यटक शो देखने नहीं पहुंच रहे हैं। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) के उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली के अनुसार, फतेहपुर सीकरी में भी लाइट एंड साउंड शो का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पर्यटक आगरा किला और फतेहपुर सीकरी दोनों स्थानों पर भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और इतिहास को आधुनिक तकनीक के माध्यम से देख सकेंगे।

बनेगा संयुक्त टिकट

पर्यटकों की सुविधा बढ़ाने के लिए ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी और एत्मादुद्दौला जैसे प्रमुख स्मारकों के लिए संयुक्त टिकट जारी करने की तैयारी भी चल रही है। इस संबंध में मंडलायुक्त ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। अधीक्षण पुरातत्वविद की ओर से इसका प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जा चुका है। फतेहपुर सीकरी में मंडी गुड़ से तेहरा मोरी बांध तक सौंदर्यीकरण के तहत अष्टकोणीय खंभों पर तिरंगा एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इस परियोजना के लिए पथकर निधि से करीब 41.44 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नगर पालिका परिषद अब तक लगभग 20 लाख रुपये खर्च कर चुकी है। शेष राशि उपयोगिता प्रमाणपत्र मिलने के बाद जारी की जाएगी।

Read More : Yogi Adityanath: 2017 से पहले दंगे और पलायन था यूपी की पहचान, आस्था के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?