UP Weather : उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो चुका है। बुधवार रात से लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, बलिया समेत कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और सहारनपुर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं। लखनऊ में गुरुवार सुबह हल्की बारिश शुरू हुई, जो कुछ ही देर में तेज बरसात में बदल गई।
मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार मानसून अब लखनऊ तक पहुंच चुका है और अयोध्या, बदायूं, मेरठ होते हुए तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 24 से 48 घंटे में पूरे प्रदेश में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है।
UP में मानसून की दस्तक
बारिश के कारण अलग-अलग जिलों में कई दुखद घटनाएं सामने आई हैं। सोनभद्र में तेज बहाव वाले नाले में आठ महीने की बच्ची को गोद में लेकर जा रही महिला बह गई। बाद में बच्ची का शव बरामद हुआ, जबकि महिला की तलाश जारी है। वहीं बलिया और फतेहपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर के मीनाक्षी चौक पर पहली तेज बारिश में सड़क धंस गई। सड़क पर करीब तीन फीट गहरा और सात फीट चौड़ा गड्ढा बन गया। यह रास्ता कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों में शामिल है, इसलिए स्थानीय लोगों ने जल्द मरम्मत की मांग की है।
जनजीवन प्रभावित
बुधवार को हुई बारिश के बाद वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़ और बिजनौर समेत कई शहरों में जलभराव की स्थिति बन गई। ललितपुर रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने तक में पानी भर गया। बहराइच में सबसे अधिक 113 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि बिजनौर, ललितपुर, बुलंदशहर, संभल और हमीरपुर में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। अमरोहा में तापमान करीब 12 डिग्री तक नीचे आ गया, जबकि लखनऊ सहित कई शहरों में मौसम पहले की तुलना में काफी सुहावना हो गया। हालांकि कुछ स्थानों पर हवा नहीं चलने से उमस बनी हुई है।
जारी रहेगा बारिश का दौर
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मानसून सक्रिय होने के बाद अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
Read More : CM Janata Darshan: मुख्यमंत्री योगी से चाहते हैं मिलना? जानिए जनता दर्शन की पूरी प्रक्रिया और जरूरी नियम





