Afzalgarh News : अफजलगढ़ क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। घंटों तक बिजली गुल रहने से पेयजल, शिक्षा और व्यापार जैसे जरूरी काम बाधित हो रहे हैं। हालात से नाराज लोगों ने कई जगह सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी किया। लगातार बढ़ते तापमान और हवा में नमी के कारण लोगों को दिन और रात दोनों समय उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है।
शहर और ग्रामीण इलाकों में बार-बार बिजली कटने और लो-वोल्टेज की समस्या से पंखे, कूलर और अन्य बिजली उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। इससे लोगों की रातों की नींद भी प्रभावित हो रही है।
Afzalgarh में भीषण गर्मी
बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। दिन में घरों के भीतर रहना मुश्किल हो गया है, जबकि रात में बिजली कटौती के कारण गर्मी से राहत नहीं मिल रही। वहीं, बाजारों और छोटे कारोबारों पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल गर्मी के मौसम में ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन बिजली व्यवस्था में कोई स्थायी सुधार नहीं किया जाता। उनका आरोप है कि लो-वोल्टेज के कारण घरेलू उपकरण भी प्रभावित हो रहे हैं और छोटे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
हाल-बेहाल
विद्युत उपखंड अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि ओवरलोड, बार-बार ट्रिपिंग और तकनीकी फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी टीम फॉल्ट को जल्द ठीक करने में जुटी है और निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
Read More : Bijnor में आज ओवैसी की हुंकार, ‘पैगाम ए इत्तेहाद’ जनसभा से 2027 चुनावी समीकरण साधने की कोशिश




