Home » राजनीति » Donald Trump India Visit: 2027 की शुरुआत में भारत आ सकते हैं ट्रम्प; व्यापार, रक्षा और AI पर होगी अहम चर्चा

Donald Trump India Visit: 2027 की शुरुआत में भारत आ सकते हैं ट्रम्प; व्यापार, रक्षा और AI पर होगी अहम चर्चा

Donald Trump India Visit : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अगले वर्ष की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं। व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इस संभावना का संकेत दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारत की वैश्विक भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि अमेरिका, प्रधानमंत्री मोदी के काम और भारत की प्रगति को बेहद सकारात्मक नजरिए से देखता है।

यदि यह दौरा तय होता है, तो राष्ट्रपति के रूप में ट्रम्प की यह दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वह वर्ष 2020 में भारत आए थे, जब अहमदाबाद में आयोजित ‘नमस्ते ट्रम्प’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शामिल हुए थे। उस दौरे को दोनों देशों के संबंधों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना गया था।

Donald Trump India Visit

हाल ही में डोनाल्ड ट्रम्प ने हैदराबाद में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास एक सड़क का नाम ‘डोनाल्ड ट्रम्प एवेन्यू’ रखे जाने पर भारत का धन्यवाद किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि इस तरह सम्मानित होने वाले वह पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं और इसके लिए भारत के प्रति आभार व्यक्त किया। संभावित भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच लंबित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है। भारत चाहता है कि अमेरिका भारतीय वस्त्र, रत्न एवं आभूषण, इंजीनियरिंग उत्पाद, दवाइयों और कृषि उत्पादों पर लगाए गए अतिरिक्त शुल्क में राहत दे। वहीं अमेरिका अपने कृषि उत्पादों, डेयरी, मेडिकल उपकरणों और डिजिटल कंपनियों के लिए भारतीय बाजार में अधिक पहुंच चाहता है।

इसपर रहेगा फोकस

भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने पर भी बातचीत हो सकती है। ‘इंडिया-यूएस कॉम्पैक्ट’ के तहत रक्षा तकनीक, आधुनिक हथियार निर्माण और सैन्य सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा संभावित है। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर निर्माण और सुरक्षित वैश्विक सप्लाई चेन विकसित करने जैसे विषय भी वार्ता के केंद्र में रह सकते हैं। दोनों देशों के नेताओं के बीच पश्चिम एशिया की स्थिति, वैश्विक सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय शांति जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत और अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में साझा कदमों पर चर्चा कर सकते हैं।

बढ़ रहा भारत-अमेरिका व्यापार

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच लगभग 12.54 लाख करोड़ रुपये का व्यापार दर्ज किया गया। इसमें भारत का अमेरिका को निर्यात करीब 8 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि अमेरिका से भारत ने लगभग 4.6 लाख करोड़ रुपये का आयात किया। दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते में सबसे बड़ी चुनौती कृषि और डेयरी क्षेत्र को लेकर बनी हुई है। अमेरिका चाहता है कि उसके मक्का, सोयाबीन, बादाम, सेब सहित अन्य कृषि उत्पादों को भारतीय बाजार में अधिक अवसर मिलें। वहीं भारत का मानना है कि इससे देश के करोड़ों किसानों के हित प्रभावित हो सकते हैं। डेयरी क्षेत्र में भी मतभेद बने हुए हैं, जिसके कारण व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने में अभी समय लग सकता है।

Read More : Kisan News: जामुन की खेती से बदल रही किसानों की किस्मत, बागवानी और नर्सरी से सालाना लाखों की कमाई

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?