LU : पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) और बाबासाहब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (BBAU) ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून से बढ़ाकर 30 जून कर दी है। विश्वविद्यालयों का कहना है कि तकनीकी दिक्कतों, दस्तावेजों की कमी और अन्य कारणों से कई छात्र समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे। इसी को देखते हुए उन्हें अतिरिक्त समय दिया गया है।
लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. अनित्य गौरव ने बताया कि केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया के तहत स्नातकोत्तर और पीजी प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन अब 30 जून तक स्वीकार किए जाएंगे। जिन अभ्यर्थियों का आवेदन किसी कारणवश अधूरा रह गया था, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
LU में 30 जून तक आवेदन
बाबासाहब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (BBAU) ने भी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून तक बढ़ा दी है। हालांकि, यहां आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों को 1,000 रुपये का विलंब शुल्क देना होगा। यह नियम सभी वर्गों के उम्मीदवारों पर समान रूप से लागू रहेगा। दोनों विश्वविद्यालयों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
न करें देरी
आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करें और फॉर्म जमा करने से पहले दर्ज की गई जानकारी का सावधानीपूर्वक मिलान कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Read More : UP Congress में बड़ा बदलाव, राजेंद्र पाल गौतम बने प्रभारी; प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चा तेज





