Home » उत्तर प्रदेश » UP में पेट्रोल पंप पर डीजल भराते समय गिरे युवक की मौत, CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली घटना

UP में पेट्रोल पंप पर डीजल भराते समय गिरे युवक की मौत, CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली घटना

UP
UP

UP News : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है। पढ़ुआ थाना क्षेत्र के गांव बिनोरा निवासी मसरूर खान की रविवार को अचानक मौत हो गई। मसरूर अपनी कार में डीजल भरवाने के लिए घर से निकला था, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा। घटना ढखेरवा रोड पर स्थित लखाही गांव के पास लक्ष्मी पेट्रोल पंप की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में डीजल भरवाने के दौरान मसरूर गाड़ी से नीचे उतरा और शीशा साफ करने लगा। तभी अचानक उसे चक्कर आया और वह वहीं जमीन पर गिर पड़ा। कुछ ही सेकेंड में सब कुछ बदल गया।

पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ दिखता है कि युवक सामान्य हालत में कार से उतरता है और अगले ही पल लड़खड़ाकर गिर जाता है। आसपास मौजूद लोग पहले तो कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन जब मसरूर नहीं उठा तो अफरा-तफरी मच गई।

UP में युवक की मौत

पंप कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से मसरूर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन ले जाया गया। हालांकि, वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों के चेहरे भी गमगीन हो गए। सीएचसी निघासन में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर टीएन सिंह ने बताया कि युवक को अस्पताल लाया गया तो वह पहले से ही मृत अवस्था में था। शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि उसे अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

28 वर्षीय मसरूर खान की अचानक मौत की खबर जैसे ही गांव बिनोरा पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। मसरूर अपने परिवार का अहम सहारा था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में शोक की लहर फैल गई। इस घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सामान्य दिनचर्या में अचानक इस तरह की मौत ने सभी को झकझोर दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी कम उम्र में इस तरह की घटनाएं क्यों बढ़ती जा रही हैं।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के सही कारण की पुष्टि हो सके। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read More : Dehradun में 14 फरवरी को भाजपा कोर कमेटी की बड़ी बैठक

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?