Earthquake : उत्तर-पूर्वी राज्य सिक्किम में शनिवार यानी 3 जनवरी 2026 की सुबह लोगों की नींद अचानक टूट गई। पश्चिमी सिक्किम के सोरेंग शहर में भूकंप के हल्के लेकिन साफ झटके महसूस किए गए। बता दें कि यह झटका सुबह ठीक 5 बजकर 58 मिनट पर आया, जब अधिकतर लोग अपने घरों में सो रहे थे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.9 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर लगभग 5 किलोमीटर की गहराई में था। तीव्रता कम होने के कारण इसका असर सीमित क्षेत्र तक ही रहा, लेकिन कंपन इतना था कि लोग घबरा गए।
भूकंप के झटके लगते ही सोरेंग और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोगों ने डर के चलते तुरंत अपने घर छोड़ दिए और खुले स्थानों की ओर भागे। कुछ लोगों ने बताया कि पलंग और अलमारियों में हल्का कंपन महसूस हुआ, जिससे दहशत फैल गई।
Earthquake से कोई नुकसान नहीं
अब तक मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। फिलहाल, न तो किसी इमारत के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है और न ही किसी के घायल होने की पुष्टि हुई है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए भूकंप की पुष्टि की। पोस्ट में समय, तीव्रता और भूकंप केंद्र की जानकारी शेयर की गई। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट मोड पर नजर आए।
एहतियात की सलाह
सिक्किम भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही यह झटका कमजोर था, लेकिन ऐसे इलाकों में लोगों को हमेशा सतर्क रहना चाहिए। भूकंप आने पर खुले स्थानों में जाना, लिफ्ट का इस्तेमाल न करना और घबराहट से बचना सबसे जरूरी कदम माने जाते हैं। इसके अलावा, हरदम अपने आंख कान खुले रखें।
Read More : Shahrukh Khan पर बयानबाजी, आईपीएल खरीद से शुरू हुआ विवाद; देश से बाहर भेजने की मांग





