Gautam Gambhir : टीम इंडिया और उसके हेड कोच गौतम गंभीर के लिए 2025 भावनाओं से भरा साल रहा। एक ओर एशिया कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट भारत की झोली में आए, जिसने गंभीर के कोचिंग विजन को मजबूती दी। दूसरी ओर टेस्ट क्रिकेट में लगातार मिली हारों ने इस कामयाबी पर सवालिया निशान भी लगा दिया। सीमित ओवरों की सफलता और टेस्ट की नाकामी ने पूरे साल को विरोधाभासों से भर दिया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 2-0 की क्लीन स्वीप हार ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया। इससे पहले 2024 में न्यूजीलैंड के हाथों घर में ही 3-0 से हार झेलनी पड़ी थी।
इसी माहौल में एक रिपोर्ट सामने आई, जिसने बीसीसीआई के भीतर चल रही चर्चाओं को सुर्खियों में ला दिया। खबरों के मुताबिक, बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अनौपचारिक रूप से वीवीएस लक्ष्मण से संपर्क कर टेस्ट टीम की कोचिंग को लेकर राय जानी।
Gautam Gambhir: लक्ष्मण का नाम क्यों चर्चा में आया
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, लक्ष्मण से यह पूछा गया था कि क्या वे टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभालने में रुचि रखते हैं। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया कि लक्ष्मण फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी भूमिका से संतुष्ट हैं और वहीं फोकस बनाए हुए हैं। दूसरी तरफ एनडीटीवी की रिपोर्ट ने इन कयासों को सिरे से खारिज किया। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा गया कि गंभीर के भविष्य को लेकर कोई औपचारिक या अनौपचारिक चर्चा नहीं हुई है। बोर्ड का मानना है कि गंभीर 2027 विश्व कप तक अपनी भूमिका निभाते रहेंगे और फिलहाल उन्हें हटाने का कोई इरादा नहीं है।
आने वाले टूर्नामेंट तय करेंगे दिशा
भारतीय क्रिकेट में फैसले अक्सर प्रदर्शन के तराजू पर तौले जाते हैं। जैसे अतीत में बड़े टूर्नामेंट से पहले चौंकाने वाले चयन फैसले हुए हैं, वैसे ही कोचिंग सेटअप की समीक्षा भी असामान्य नहीं है। अगले कुछ हफ्तों में शुरू होने वाले बड़े टूर्नामेंटों में टीम के प्रदर्शन के आधार पर गंभीर के कार्यकाल पर दोबारा नजर डाली जा सकती है।





