Railway Stock : शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत भले ही कमजोरी के साथ हुई हो, लेकिन ओपनिंग बेल के तुरंत बाद रेलवे सेक्टर ने पूरी तस्वीर बदल दी। जहां ज्यादातर सेक्टर दबाव में दिखे, वहीं IRFC और RVNL जैसे रेलवे स्टॉक्स में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। कुछ ही मिनटों में ये शेयर 6 से 9 फीसदी तक उछल गए और निवेशकों का ध्यान खींच ले गए। RVNL का शेयर करीब 9.33 फीसदी चढ़कर 377.60 रुपये तक पहुंच गया, जबकि IRFC ने भी 6.20 फीसदी की छलांग लगाकर 129.02 रुपये का स्तर छू लिया। बीते कई हफ्तों से ठंडे पड़े इन शेयरों में ऐसी तेजी काफी समय बाद नजर आई, जिसने बाजार में हलचल बढ़ा दी।
इस तेजी के पीछे सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है बजट 2026 से पहले की पोजिशनिंग। हर साल बजट से पहले रेलवे सेक्टर में हलचल बढ़ती है, क्योंकि निवेशकों को इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रैक विस्तार, नई ट्रेनों और नेटवर्क आधुनिकीकरण पर बड़े ऐलान की उम्मीद रहती है।
Railway Stock
कमजोर प्रदर्शन के बाद अब निवेशक दोबारा रेलवे शेयरों में दांव लगाने लगे हैं। हाल ही में यात्री किरायों में किए गए बदलाव को भी बाजार सकारात्मक संकेत के रूप में देख रहा है। इससे रेलवे के राजस्व को लेकर स्थिरता का भरोसा बढ़ा है। ऐसे में रेलवे से जुड़ी कंपनियों के प्रति निवेशकों का नजरिया सुधरा है और सेक्टर में नई खरीदारी आई है। IRFC में आई तेजी इस बात का संकेत है कि बाजार को रेलवे फंडिंग आउटलुक पर भरोसा बढ़ रहा है। ब्याज दरों में नरमी और रेलवे कैपेक्स में निरंतरता की उम्मीद से IRFC को सीधा फायदा मिल सकता है। लंबे समय से कंसोलिडेशन में फंसे इस शेयर में अब नई जान दिख रही है।
दिखी आक्रामक खरीदारी
RVNL सीधे रेलवे प्रोजेक्ट्स और सरकारी खर्च से जुड़ी कंपनी है। साल की शुरुआत में आई गिरावट के बाद अब इसमें वैल्यू बायर्स और शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स दोनों सक्रिय हो गए हैं। बजट से पहले ऑर्डर फ्लो और प्रोजेक्ट घोषणाओं की उम्मीद इस शेयर को सपोर्ट दे रही है। 2025 में रेलवे शेयरों का प्रदर्शन उम्मीद से कमजोर रहा था। यही कमजोरी अब बाउंस का आधार बन रही है। जब बाजार वैल्यू और पॉलिसी आधारित थीम्स की तलाश करता है, तो रेलवे सेक्टर फिर से निवेशकों के रडार पर आ जाता है।
Read More : Indian Railways: आज से ट्रेन में सफर करना हुआ महंगा, टिकट के दामों में हुई जबरदस्त बढ़ोतरी





