Indian Railways : अगर आप आने वाले दिनों में लंबी दूरी की ट्रेन यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। रेल मंत्रालय ने यात्री किराए में की गई बढ़ोतरी को शुक्रवार से लागू करने का फैसला किया है। यह बदलाव 215 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा करने वाले यात्रियों पर असर डालेगा। साधारण श्रेणी से लेकर एसी कोच तक, लगभग सभी प्रमुख क्लास में किराया बढ़ाया गया है।
रेल मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी। इसके मुताबिक, 26 दिसंबर या उसके बाद बुक की गई टिकटों पर ही नया किराया लागू होगा। अगर आपने 26 दिसंबर से पहले भविष्य की यात्रा के लिए टिकट बुक कर लिया है, तो आपको बढ़ा हुआ किराया नहीं देना होगा।
Indian Railways
2025 में यह दूसरी बार है जब रेल किरायों में इजाफा किया गया है। इससे पहले जुलाई महीने में भी किराया बढ़ाया गया था। रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उपनगरीय सेवाओं और सीजन टिकट धारकों को इस बार भी राहत दी गई है। लोकल ट्रेन से सफर करने वाले और मासिक या तिमाही पास लेने वाले यात्रियों के किराए में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है, चाहे रूट उपनगरीय हो या गैर-उपनगरीय।
किए गए ये बदलाव
गैर-उपनगरीय यात्राओं में साधारण नॉन-एसी श्रेणियों जैसे सेकेंड क्लास, स्लीपर और फर्स्ट क्लास साधारण में प्रति किलोमीटर एक पैसे की बढ़ोतरी की गई है। रेलवे का कहना है कि यह बढ़ोतरी जानबूझकर सीमित रखी गई है, ताकि यात्रियों पर अचानक ज्यादा बोझ न पड़े। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की नॉन-एसी और सभी एसी श्रेणियों में प्रति किलोमीटर दो पैसे का इजाफा किया गया है। इसमें स्लीपर, एसी चेयर कार, एसी थ्री टियर, एसी टू टियर और एसी फर्स्ट क्लास शामिल हैं। उदाहरण के तौर पर, 500 किलोमीटर की यात्रा पर अब लगभग 10 रुपये ज्यादा देने होंगे।
लागू होंगे नए रेट
नया किराया राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जन शताब्दी, युवा एक्सप्रेस, महामना, गतिमान और नमो भारत रैपिड रेल जैसी प्रमुख सेवाओं पर भी लागू होगा। रेल सफर अब थोड़ा महंगा जरूर हुआ है, लेकिन बढ़ोतरी को धीरे-धीरे लागू करने की कोशिश की गई है।
Read More : Ishan Kishan ने जमाया कर्नाटक के खिलाफ 33 गेंदों में शतक, हरभजन सिंह ने बांधे तारीफों के पुल




