Student News : भारतीय छात्रों के लिए रूस से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। रूसी सरकार ने घोषणा की है कि अब भारतीय छात्रों को बिना किसी एंट्रेंस एग्जाम के सरकारी छात्रवृत्ति दी जाएगी। यह स्कॉलरशिप स्नातक स्तर से लेकर पीएचडी और एडवांस ट्रेनिंग तक के कोर्स के लिए होगी। खास बात यह है कि चयन पूरी तरह छात्रों के शैक्षणिक रिकॉर्ड और पोर्टफोलियो के आधार पर किया जाएगा। जो छात्र रूसी भाषा नहीं जानते, उनके लिए एक साल का प्रीपरेटरी लैंग्वेज कोर्स भी रखा गया है।
रूसी प्रशासन के मुताबिक, इस छात्रवृत्ति के तहत मेडिसिन, इंजीनियरिंग, फार्मेसी, स्पेस स्टडीज और कई अन्य आधुनिक विषयों में पढ़ाई का मौका मिलेगा। कई कोर्स अंग्रेजी माध्यम में भी उपलब्ध हैं, जिससे भाषा की परेशानी नहीं होगी।
Student News : मिलेगा अतिरिक्त अवसर
जो छात्र रूसी भाषा में पढ़ाई करना चाहते हैं, वे अपनी मुख्य पढ़ाई शुरू करने से पहले एक वर्षीय भाषा प्रशिक्षण ले सकते हैं। इस दौरान उन्हें विश्वविद्यालय और वहां की शिक्षा प्रणाली से परिचित होने का भी मौका मिलेगा। इससे छात्रों को आगे की पढ़ाई में आसानी होगी। रूस ने 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए भारतीय छात्रों को आधिकारिक तौर पर आवेदन के लिए आमंत्रित किया है। इस पहल का उद्देश्य भारत के होनहार छात्रों को रूस के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा का अवसर देना है।
आवेदन प्रक्रिया शुरू
रिपोर्ट्स के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। छात्र मॉस्को, सेंट पीटर्सबर्ग, कज़ान, व्लादिवोस्तोक, कैलिनिनग्राद समेत कई प्रमुख शहरों के विश्वविद्यालयों में पढ़ाई कर सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया में कोई प्रवेश परीक्षा नहीं होगी। चयन के लिए छात्रों को अपना पोर्टफोलियो जमा करना होगा, जिसमें शैक्षणिक उपलब्धियां, शोध पत्र, अनुशंसा पत्र, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज शामिल हो सकते हैं।
दो चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया
पहला चरण 15 जनवरी तक चलेगा, जिसमें दस्तावेजों की जांच और प्रारंभिक चयन होगा। दूसरे चरण में रूसी विज्ञान और उच्च शिक्षा मंत्रालय विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर छात्रों को संस्थान आवंटित करेगा और वीजा से जुड़े दस्तावेज जारी किए जाएंगे। इच्छुक छात्र आधिकारिक वेबसाइट education-in-russia.com पर जाकर आवेदन और पूरी प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
Read More : नए साल से पहले सफर हुआ महंगा! Indian Railways ने अचानक बढ़ाया किराया; जानें किस पर पड़ेगा सीधा असर





