Hair Care Tips : जैसे ही सर्दियों का मौसम आता है, वैसे ही बालों से जुड़ी कई परेशानियां शुरू हो जाती हैं। इनमें सबसे आम समस्या होती है डैंड्रफ यानी रूसी। सिर में खुजली, सफेद पपड़ी और कपड़ों पर गिरते हुए रूसी के कण कई बार शर्मिंदगी की वजह बन जाते हैं। लोग इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए महंगे एंटी-डैंड्रफ शैंपू का सहारा लेते हैं। हालांकि, कई बार महीनों इस्तेमाल करने के बाद भी कोई खास फर्क नजर नहीं आता।
ऐसे में घरेलू और प्राकृतिक उपाय एक बेहतर और सुरक्षित विकल्प साबित हो सकते हैं। ये न सिर्फ डैंड्रफ को कम करते हैं, बल्कि बालों को पोषण भी देते हैं। खास बात यह है कि इन उपायों के लिए आपको ज्यादा मेहनत या खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती। आइए जानते हैं ऐसे ही चार आसान हेयर मास्क के बारे में, जिन्हें आप घर पर आसानी से बना सकते हैं।
Hair Care Tips : दही और नींबू
दही स्कैल्प को ठंडक पहुंचाता है और बैक्टीरिया को कंट्रोल करने में मदद करता है। वहीं नींबू रूसी पैदा करने वाले फंगस को कम करता है। दोनों मिलकर स्कैल्प को साफ और संतुलित बनाते हैं।
ऐसे बनाएं
तीन चम्मच ताजा दही लें और उसमें आधा नींबू निचोड़ दें। इस मिश्रण को अच्छे से मिलाकर सीधे स्कैल्प और बालों की जड़ों में लगाएं। करीब आधे घंटे बाद हल्के शैंपू से बाल धो लें। हफ्ते में दो बार इसका इस्तेमाल करने से खुजली और रूसी दोनों में राहत मिलती है।
नीम और आंवला
नीम को पुराने समय से ही त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद माना जाता रहा है। आंवला बालों को मजबूती देता है और स्कैल्प को हेल्दी रखता है।
ऐसे बनाएं
ताजा नीम की पत्तियों को पीसकर पेस्ट बना लें। इसमें दो चम्मच आंवला पाउडर और थोड़ा गुलाबजल मिलाएं। इस पेस्ट को सिर में लगाकर 35 से 40 मिनट तक छोड़ दें। बाद में सादे पानी से धो लें। यह मास्क स्कैल्प की सूखापन और जलन को कम करता है।
सेब का सिरका और शहद
सेब का सिरका स्कैल्प में जमी गंदगी और एक्स्ट्रा तेल को हटाने में मदद करता है, जबकि शहद बालों को नमी देता है।
ऐसे बनाएं
दो चम्मच सेब का सिरका और एक चम्मच शहद मिलाएं। इसे स्कैल्प पर हल्के हाथों से लगाएं। 20 मिनट बाद ठंडे पानी से बाल धो लें। यह उपाय खासतौर पर ऑयली स्कैल्प वालों के लिए फायदेमंद है।
केला और ऑलिव ऑयल
अगर आपके बाल रूखे हैं और साथ में डैंड्रफ भी है, तो यह मास्क आपके लिए अच्छा ऑप्शन होगा।
ऐसे बनाएं
एक पका केला मैश करें और उसमें एक बड़ा चम्मच ऑलिव ऑयल मिलाएं। इस मिश्रण को बालों और स्कैल्प पर लगाकर करीब 45 मिनट तक रखें। इसके बाद शैंपू से बाल धो लें। इससे बाल मुलायम होंगे और रूसी भी धीरे-धीरे कम होगी।
रहें सतर्क
इन उपायों के साथ-साथ ठंड के मौसम में सिर को ज्यादा सूखा न रखें, गुनगुने पानी से ही बाल धोएं और जरूरत से ज्यादा केमिकल प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल न करें। थोड़ी सी देखभाल और नियमित घरेलू उपायों से डैंड्रफ की समस्या काफी हद तक काबू में आ सकती है।
Note: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। headlinesindianews.com इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है।
Read More: CG में मिड-डे-मील बना बीमारी की वजह, 25 बच्चे बीमार; 4 की हालत गंभीर





