World News : अमेरिका के रक्षा विभाग की हालिया वार्षिक रिपोर्ट ने एक बार फिर एशिया की कूटनीति में हलचल पैदा कर दी है। इस रिपोर्ट में चीन और भारत के संबंधों का जिक्र करते हुए दावा किया गया कि चीन, एलएसी पर तनाव कम होने की स्थिति का इस्तेमाल द्विपक्षीय रिश्तों को स्थिर करने और भारत-अमेरिका के बढ़ते समीकरणों को प्रभावित करने के लिए कर सकता है। इसी टिप्पणी ने बीजिंग को नाराज कर दिया है और चीन ने खुलकर अमेरिका पर सवाल उठाए हैं। रिपोर्ट सामने आने के बाद चीन के विदेश मंत्रालय ने कड़ा रुख अपनाया।
मंत्रालय ने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर चीन की रक्षा नीति को गलत तरीके से पेश कर रहा है। चीन का कहना है कि अमेरिका, भारत और चीन के बीच संबंधों में सुधार की संभावनाओं को अपने हितों के अनुसार देखने की कोशिश कर रहा है और इसमें बेवजह शक पैदा किया जा रहा है।
World News: ड्रैगन का जवाब
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने प्रेस ब्रीफिंग में अमेरिका की रिपोर्ट पर सीधा जवाब दिया। उनसे पूछा गया था कि क्या चीन, भारत के साथ सीमा पर कम हुए तनाव का इस्तेमाल अमेरिका-भारत संबंधों को कमजोर करने के लिए कर सकता है। इस पर लिन जियान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह सवाल ही गलत धारणा पर आधारित है। चीन ने दो टूक कहा कि सीमा से जुड़ा विषय पूरी तरह भारत और चीन के बीच का द्विपक्षीय मुद्दा है। प्रवक्ता ने जोर देकर कहा कि बीजिंग इस मसले को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से देखता है। चीन ने यह भी साफ किया कि किसी तीसरे देश को इस मुद्दे पर टिप्पणी करने या फैसला सुनाने का कोई अधिकार नहीं है।
अमेरिका पर परोक्ष हमला
चीन की प्रतिक्रिया में अमेरिका पर परोक्ष रूप से आरोप लगाया गया कि वह क्षेत्रीय संतुलन को अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश कर रहा है। बीजिंग का कहना है कि चीन और भारत के रिश्तों को लेकर बनाई जा रही अटकलें वास्तविकता से दूर हैं और इन्हें राजनीतिक लाभ के लिए हवा दी जा रही है। दरअसल, पेंटागन ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि एलएसी पर तनाव में आई कमी को चीन एक अवसर के रूप में देख सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, इसका मकसद भारत के साथ रिश्तों को स्थिर करना और साथ ही अमेरिका-भारत की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ने से रोकना हो सकता है। इसी विश्लेषण को चीन ने भ्रामक और पक्षपातपूर्ण बताया है।
Read More : New Income Tax Bill: केंद्र सरकार ने आम आदमी को दिया तोहफा, इनकम टैक्स बिल 2025 हुआ पास





