Varanasi Ropeway : देश का पहला अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे अब शुरू होने के लिए तैयार है। करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से बने इस हाईटेक रोपवे का संचालन देव दीपावली (24 नवंबर 2026) के आसपास शुरू होने की संभावना है। इसके शुरू होने के बाद वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक का सफर महज 16 मिनट में पूरा होगा, जबकि सड़क मार्ग से यही दूरी तय करने में अक्सर 45 मिनट या उससे अधिक समय लग जाता है। इस परियोजना के शुरू होने के बाद वाराणसी, मेक्सिको सिटी और बोलीविया के ला पाज-एल आल्टो के बाद दुनिया का तीसरा शहर बन जाएगा, जहां रोपवे का उपयोग नियमित शहरी सार्वजनिक परिवहन के रूप में किया जाएगा। 3.85 किलोमीटर लंबा यह रोपवे घनी आबादी और संकरी गलियों के ऊपर से गुजरेगा, जिससे सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।
रोपवे की दोनों दिशाओं में केबल कारें संचालित होंगी। एक दिशा में प्रति घंटे 3,000 और दोनों दिशाओं को मिलाकर कुल 6,000 यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिलेगी। अनुमान है कि प्रतिदिन करीब 96 हजार लोग इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
Varanasi Ropeway
रोपवे कॉरिडोर में कुल पांच स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन, काशी विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरजाघर और गोदौलिया चौक शामिल हैं। गिरजाघर स्टेशन केवल तकनीकी उपयोग के लिए बनाया गया है, जहां यात्रियों का चढ़ना या उतरना नहीं होगा। गोदौलिया स्टेशन से काशी विश्वनाथ धाम और दशाश्वमेध घाट की दूरी लगभग 400 मीटर रह जाएगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रोपवे का न्यूनतम किराया 10 रुपये तय किया गया है। स्टेशन की दूरी बढ़ने के साथ किराया भी चरणबद्ध तरीके से बढ़ेगा। कैंट से गोदौलिया तक पूरे सफर के लिए यात्रियों को 50 रुपये देने होंगे। यह किराया सड़क मार्ग से ऑटो या ई-रिक्शा के मुकाबले समय और सुविधा दोनों के लिहाज से किफायती माना जा रहा है।
स्मार्ट पास पर मिलेगी विशेष छूट
स्थानीय नागरिकों, छात्रों और नियमित यात्रियों के लिए ‘काशी स्मार्ट पास’ की सुविधा भी उपलब्ध होगी। क्यूआर आधारित इस स्मार्ट कार्ड से यात्रा करने पर प्रत्येक सफर में 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। वहीं मासिक पास लेने वाले यात्रियों को 30 प्रतिशत तक का अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा। पर्यटकों, परिवारों और कॉरपोरेट समूहों के लिए पूरी केबल कार बुक करने की सुविधा भी होगी। एक बार की निजी यात्रा के लिए 2,000 रुपये शुल्क तय किया गया है। वहीं ट्रैवल एजेंसियों और संस्थागत समूहों को अग्रिम बुकिंग पर रियायती दरों का लाभ मिलेगा।
सुरक्षित रहेगा संचालन
रोपवे में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था की गई है। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर सिस्टम स्वतः जनरेटर और इनवर्टर बैकअप पर शिफ्ट हो जाएगा। यदि पूरी बिजली व्यवस्था ठप हो जाए तो इमरजेंसी डीजल इंजन के जरिए केबल कारों को सुरक्षित स्टेशन तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा टावरों पर लगे एनीमोमीटर तेज हवा की निगरानी करेंगे। हवा की गति तय सीमा से अधिक होने पर सिस्टम स्वतः केबल कार की रफ्तार कम कर देगा और आवश्यकता पड़ने पर संचालन रोक दिया जाएगा।





