UP Mango Festival 2026 : राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार से तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश आम महोत्सव की शुरुआत हो गई। 3 से 5 जुलाई तक चलने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। महोत्सव में देश-विदेश में लोकप्रिय और दुर्लभ प्रजातियों सहित 800 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं। आयोजन का उद्देश्य आम उत्पादकों को नए बाजारों से जोड़ना और आधुनिक बागवानी तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराना है।
इस बार महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अल्फांसो, आम्रपाली, रटौल, लखनऊ सफेदा, अंबिका, याकूती, बनाना मैंगो, लालिमा, नूरजहां और टॉमी एटकिंस जैसी चर्चित किस्मों के साथ कई दुर्लभ प्रजातियां भी प्रदर्शित की गई हैं। इसके अलावा आम से तैयार अचार, जूस, पल्प और अन्य उत्पाद भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
UP Mango Festival 2026
मलिहाबाद के ग्रीन विशेषज्ञ डॉ. सचिन आर्या के अनुसार, टॉमी एटकिंस आम अपनी आकर्षक रंगत, लंबी शेल्फ लाइफ और निर्यात योग्य गुणवत्ता के कारण बाजार में काफी पसंद किया जाता है। इसकी कीमत करीब 250 रुपये प्रति किलोग्राम है। वहीं याकूती आम अपने छोटे आकार के बावजूद बेहद मीठे स्वाद और सुगंध के कारण खास पहचान रखता है। महोत्सव में प्रदर्शित नूरजहां आम सबसे अधिक चर्चा में है। यह मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के कठीवाड़ा क्षेत्र में उगाया जाता है और दुनिया की सबसे बड़ी आम की किस्मों में गिना जाता है। इसका एक फल एक से चार किलोग्राम तक वजन का हो सकता है। उद्यान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लाल और पीले रंग की विशेष आम प्रजातियों पर भी लगातार अनुसंधान किया जा रहा है।
मिलेगा मंच
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि 4 जुलाई को जन भवन में क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें देश और विदेश के खरीदार सीधे आम उत्पादकों और बागवानों से मुलाकात करेंगे। इससे किसानों को अपने उत्पाद के लिए नए बाजार मिलने और बेहतर मूल्य प्राप्त होने की संभावना है। महोत्सव के दौरान कृषि विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक बागवानी, तुड़ाई के बाद फलों के संरक्षण, पैकिंग, ब्रांडिंग, प्रोसेसिंग और निर्यात से जुड़ी तकनीकों की जानकारी देंगे। साथ ही आम की विभिन्न श्रेणियों और आम से बने उत्पादों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बागवानों को सम्मानित किया जाएगा।
यूपी ने बनाया रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा आम उत्पादक राज्य है। उद्यान विभाग के अनुसार, वर्ष 2025-26 में प्रदेश से 3,563 मीट्रिक टन आम का लगभग 12.67 करोड़ रुपये का निर्यात किया गया, जो अब तक का सर्वाधिक है। सरकार का मानना है कि ऐसे आयोजन प्रदेश के आम को वैश्विक पहचान दिलाने और किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
Read More : Shah Rukh Khan ने विदेश में बनवाया क्रिकेट स्टेडियम, सोशल मीडिया पर जताई खुशी





