UP Politics 2027 : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने बूथ स्तर पर अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के साथ पहले से दर्ज वोटरों का सत्यापन भी कराएगी। इसके लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान शुरू किया गया है। बता दें कि भाजपा ने राज्य के 1 लाख 73 हजार 730 बूथों पर कम से कम 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य तय किया है।
इस तरह पार्टी की कोशिश करीब 86.86 लाख नए वोटरों को मतदाता सूची में शामिल कराने की है। यह अभियान ऐसे समय चलाया जा रहा है, जब विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान वोटर लिस्ट से करीब 1.27 करोड़ नाम हटने के दावे को लेकर राजनीतिक बहस तेज है।
UP Politics 2027
अभियान के शुरुआती दो दिनों में भाजपा कार्यकर्ता घरों तक पहुंचकर परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची से मिलाएंगे। जिन पात्र लोगों का नाम सूची में नहीं होगा, उन्हें पंजीकरण कराने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। पार्टी का मकसद है कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से छूट न जाए। दूसरी ओर, 2027 के चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस में सीटों के बंटवारे पर भी मंथन जारी है। कांग्रेस ने पहले 181 विधानसभा सीटों की सूची सपा को सौंपी थी और 15 दिसंबर तक फैसला लेने की बात कही थी। हालांकि, अब दोनों दलों ने उस पुरानी सूची को किनारे कर नए सिरे से सीटों पर चर्चा करने का फैसला किया है।
कांग्रेस की नई रणनीति में तीन श्रेणियों में सीटों पर दावा रखने की तैयारी है। पहली श्रेणी में 60 ऐसी सीटें हैं, जिन्हें पार्टी अपने लिए मजबूत मानती है। दूसरी श्रेणी में 50 सीटें शामिल हैं, जहां पिछले चुनावों में उसका प्रदर्शन बेहतर रहा था। तीसरी श्रेणी में 70 सीटों पर संगठन की स्थिति और जीत की संभावनाओं के आधार पर दावा किया जाएगा। रायबरेली, अमेठी और प्रयागराज से जुड़ी सीटों पर भी नजर है।
बनाई बातचीत के लिए समितियां
सपा की चार सदस्यीय समिति की अगुवाई प्रो. रामगोपाल यादव कर रहे हैं। इसमें श्यामलाल पाल, राजीव राय और इकरा हसन शामिल हैं। वहीं कांग्रेस ने अजय माकन, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा ‘मोना’, इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी को अपनी पांच सदस्यीय समिति में जगह दी है। यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, बातचीत केवल सीटों की कुल संख्या तक सीमित नहीं रहेगी। हर विधानसभा क्षेत्र की स्थिति और वहां जीतने की संभावना पर अलग-अलग विचार किया जाएगा। सोमवार और मंगलवार की बैठकों के बाद दोनों समितियां अपनी रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को सौंपेंगी। सपा ने भी इस प्रक्रिया के दौरान सार्वजनिक बयानबाजी से बचने की सलाह दी है।




