UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में मानसून की गतिविधियां फिलहाल धीमी पड़ गई हैं। पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों को छोड़कर बाकी इलाकों में बारिश का सिलसिला थम गया है। शनिवार सुबह 6:30 बजे बरेली में तेज बारिश दर्ज की गई। वहीं, लखनऊ कानपुर और गोरखपुर समेत कई शहरों में बादल छाए रहे और तेज ठंडी हवाएं भी चलती रहीं। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश की वजह से गंगा घाघरा और सरयू समेत प्रदेश की 10 नदियां उफान पर आ गई हैं।
वाराणसी में घाटों की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं और कई मंदिरों में भी पानी घुस गया है। बलिया में सरयू नदी के कटान की चपेट में आकर एक ही दिन में 9 मकान नदी में समा गए जबकि 100 से अधिक परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा।
UP Weather Update
लखीमपुर खीरी की एक नहर में शुक्रवार को दोबारा मगरमच्छ नजर आया जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि करीब एक हफ्ते पहले इसी इलाके में मगरमच्छ ने एक कुत्ते का शिकार किया था। इसके अलावा एक दूसरे गांव में खेत के पास लगे जाल में 12 फीट लंबा अजगर फंस गया जिसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।
कम दबाव क्षेत्र बना वजह
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब ओडिशा और छत्तीसगढ़ की तरफ आगे बढ़ गया है जिसके चलते यूपी में मानसूनी गतिविधियों पर फिलहाल अस्थायी ब्रेक लग गया है। सैटेलाइट तस्वीरों में भी प्रदेश के करीब 70 से 80 फीसदी हिस्से से बारिश कराने वाले बादल गायब दिखाई दे रहे हैं। हालांकि मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 71 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
24 से 48 घंटे में फिर सक्रिय होगा मानसून
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले 24 से 48 घंटे के भीतर मानसूनी रेखा तेजी से यूपी की ओर खिसकने लगेगी जिससे मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर तेज हो जाएंगी। उनके मुताबिक कल यानी 2 अगस्त को हल्की बारिश हो सकती है जबकि 3 अगस्त से तेज बरसात का दौर शुरू होगा और 6 अगस्त को पूरे प्रदेश में जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है।
झांसी में बादलों के बीच निकल रही धूप
झांसी में शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और बीच-बीच में धूप भी निकल रही है। यहां दिन में एक या दो बार बारिश होने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने का अनुमान लगाया गया है।
Read More : Agra के किसानों के लिए खुशखबरी! डौकी में आलू-चिप्स और पेठा प्रोसेसिंग की पहुंचीं मशीनें





