UP Vidhan Sabha Monsoon Session 2026 : उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र के दूसरे दिन बुधवार को सदन में जमकर हंगामा देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के विधायकों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर विरोध जताया, जबकि सरकार ने निर्धारित कार्यसूची के अनुसार अनुपूरक बजट पेश किया। हंगामे के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष के रवैये को लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताते हुए इसे शर्मनाक करार दिया।
विधानसभा में जैसे ही अनुपूरक बजट पर चर्चा शुरू हुई, विपक्षी सदस्य राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मुद्दा उठाने लगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सदन की कार्यसूची पहले से तय थी और विपक्ष को बजट पर चर्चा में भाग लेना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जानबूझकर सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है।
UP Vidhan Sabha Monsoon Session 2026
मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान समाजवादी पार्टी के विधायक सचिन द्वारा कथित रूप से मुख्यमंत्री से जुड़ी तस्वीर दिखाने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना नाराज हो गए। उन्होंने विधायक को सदन से बाहर जाने के निर्देश दिए और पूरे सत्र के लिए निलंबित करने की घोषणा की। साथ ही चेतावनी दी कि दोबारा ऐसी हरकत होने पर विशेषाधिकार हनन की कार्रवाई भी की जा सकती है।
अनुपूरक बजट में कृषि एवं उससे जुड़े क्षेत्रों के लिए बड़े प्रावधान किए गए हैं। कृषि विभाग को राजस्व और पूंजीगत मद में अतिरिक्त धनराशि दी गई है। उद्यान, खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य और भूमि विकास विभागों के लिए भी अलग-अलग बजटीय आवंटन किया गया है। सरकार का कहना है कि इससे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में मदद मिलेगी।
मिलेगा अतिरिक्त बजट
सरकार ने चिकित्सा शिक्षा, एलोपैथी, आयुर्वेद, यूनानी चिकित्सा, परिवार कल्याण और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी अतिरिक्त बजट का प्रावधान किया है। एलोपैथी चिकित्सा को सबसे बड़ा आवंटन मिला है, जबकि चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने के लिए पूंजीगत मद में भी धनराशि बढ़ाई गई है। सदन की कार्यवाही के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच एसआईटी कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि जांच में किसी साधु-संत की संलिप्तता सामने नहीं आई है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर धार्मिक आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल करने और सनातन परंपरा का अपमान करने का आरोप लगाया।
छवि खराब करने का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और सरकार विकास के एजेंडे पर काम कर रही है। उनके अनुसार विपक्ष सदन की गरिमा भंग कर प्रदेश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष और मार्शलों के साथ हुए व्यवहार की भी निंदा करते हुए इसे संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया।




