UP Scholarship 2026 : उत्तर प्रदेश छात्रवृत्ति योजना के तहत मास्टर डाटा अपलोड करने की अंतिम तिथि पर तकनीकी समस्या ने स्कूल-कॉलेजों की मुश्किलें बढ़ा दीं। बुधवार को दिनभर पोर्टल का सर्वर धीमा और कई बार ठप रहा, जिससे करीब 300 शिक्षण संस्थान अपना मास्टर डाटा अपलोड नहीं कर सके। यदि विभाग पोर्टल दोबारा नहीं खोलता है तो इन संस्थानों के हजारों छात्र छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से वंचित रह सकते हैं।
छात्रवृत्ति पोर्टल पर 23 जुलाई से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी, लेकिन शुरुआती दिनों में अधिकांश स्कूल-कॉलेजों ने मास्टर डाटा अपलोड करने में गंभीरता नहीं दिखाई। स्थिति यह रही कि 2 अगस्त तक केवल 47 संस्थानों ने ही अपनी प्रक्रिया पूरी की थी।
UP Scholarship 2026
इसके बाद समाज कल्याण विभाग ने अंतिम तिथि का हवाला देते हुए संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किया, जिसके बाद तेजी से काम शुरू हुआ। अंतिम दिन बड़ी संख्या में संस्थानों के एक साथ लॉगिन करने से पोर्टल पर दबाव बढ़ गया। नतीजतन सर्वर की गति बेहद धीमी हो गई और कई संस्थान समय रहते अपना मास्टर डाटा अपलोड नहीं कर पाए। तकनीकी समस्या के चलते अंतिम समय तक कई प्रयासों के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
मास्टर डाटा के बिना आवेदन संभव नहीं
समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र पाल सिंह के अनुसार अंतिम तिथि होने की वजह से पोर्टल पर अधिक लोड रहा, जिससे सर्वर प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि करीब 300 संस्थान अब भी मास्टर डाटा अपलोड नहीं कर पाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक कोई शिक्षण संस्थान अपना मास्टर डाटा पोर्टल पर अपलोड नहीं करेगा, तब तक उस संस्थान के छात्र छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकेंगे। अब सभी की नजर इस बात पर है कि विभाग पोर्टल दोबारा खोलने का फैसला करता है या नहीं।
Read More : Bareilly में आज से उर्स-ए-रजवी की शुरुआत, परचम कुशाई से होगा आगाज; लाखों जायरीन के स्वागत को तैयार शहर





