UP Board : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल इंप्रूवमेंट/कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। बोर्ड के अनुसार दोनों परीक्षाएं 28 जुलाई को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएंगी। हाईस्कूल इंप्रूवमेंट एवं कंपार्टमेंट परीक्षा पहली पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक होगी, जबकि इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
इस बार कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए कुल 42,078 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें हाईस्कूल के 20,851 और इंटरमीडिएट के 21,227 विद्यार्थी शामिल हैं। सभी परीक्षाएं जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएंगी। बोर्ड ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
UP Board
परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बोर्ड ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। सभी परीक्षा कक्षों में वॉयस रिकॉर्डिंग सुविधा वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और उनकी लगातार निगरानी की जाएगी। प्रश्नपत्रों का सुरक्षित रख-रखाव, पैकेट खोलने और वितरण की पूरी प्रक्रिया भी कैमरों की निगरानी में होगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 45 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है, ताकि समय पर सत्यापन और बैठने की प्रक्रिया पूरी की जा सके। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ बोर्ड के नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
16 और 17 जुलाई को होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं
हाईस्कूल इंप्रूवमेंट एवं कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए प्रोजेक्ट आधारित प्रयोगात्मक परीक्षा और आंतरिक मूल्यांकन 16 एवं 17 जुलाई को कराया जाएगा। इसी दौरान इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट के प्रायोगिक विषयों की परीक्षाएं भी आयोजित होंगी। इन परीक्षाओं के लिए परीक्षकों की नियुक्ति क्षेत्रीय कार्यालय करेंगे और परीक्षा जिला विद्यालय निरीक्षक की देखरेख में निर्धारित राजकीय या सहायता प्राप्त विद्यालयों में संपन्न कराई जाएगी।
20 जुलाई तक जमा होंगे प्रायोगिक अंक
बोर्ड ने निर्देश दिया है कि हाईस्कूल के आंतरिक मूल्यांकन और इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षा के अंक 20 जुलाई तक संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों में हर हाल में उपलब्ध करा दिए जाएं। साथ ही सभी परीक्षार्थियों से अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य अथवा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर परीक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त करने और समय पर प्रवेश पत्र लेने की अपील की गई है।
Read More : UP Politics: योगी, नितिन नवीन और दोनों डिप्टी सीएम ने की लंच-टी पार्टी, 2027 चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल





