UP Politics : उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच रविवार को भाजपा नेतृत्व ने एकजुटता का स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने दिनभर अलग-अलग कार्यक्रमों में एक साथ हिस्सा लिया। पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर लंच और आम पार्टी हुई, जबकि देर शाम डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के घर चाय पर मुलाकात का दौर चला। इन कार्यक्रमों को संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
दोपहर करीब दो बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पहुंचे। यहां पारंपरिक तरीके से सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।
UP Politics
ब्रजेश पाठक ने नितिन नवीन का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया, जबकि उनकी पत्नी नम्रता पाठक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सम्मानपूर्वक स्वागत किया। दोपहर के भोजन के दौरान घरेलू आतिथ्य की झलक भी देखने को मिली। नम्रता पाठक स्वयं मेहमानों को भोजन परोसती रहीं और सभी से आग्रह कर भोजन कराया। भोजन के बाद ब्रजेश पाठक खुद प्लेट में दशहरी आम लेकर आए। सभी नेताओं ने एक साथ बैठकर आम का स्वाद लिया। इस दौरान माहौल पूरी तरह अनौपचारिक रहा और नेताओं के बीच आपसी संवाद भी होता रहा।
राजनीतिक चर्चा
लंच कार्यक्रम के बाद शाम को भाजपा के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य के आवास पर चाय पार्टी आयोजित हुई। यहां नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष और ब्रजेश पाठक पहुंचे। केशव मौर्य ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट की। चाय के साथ राजस्थानी घेवर, दही बड़ा, टिक्की चाट, खमण ढोकला, मसाला डोसा और इडली-सांभर जैसे व्यंजन भी परोसे गए।
लखनऊ प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री @brajeshpathakup जी के आवास पर उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध आमों का स्वाद लेने का अवसर प्राप्त हुआ।@BJP4UP pic.twitter.com/bCuzj1onQR
— Nitin Nabin (@NitinNabin) July 5, 2026
CM योगी पहुंचे केशव मौर्य के घर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का केशव प्रसाद मौर्य के आवास पहुंचना भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पिछले करीब पांच वर्षों में यह दूसरा अवसर है, जब मुख्यमंत्री उनके घर पहुंचे। इससे पहले जून 2021 में योगी आदित्यनाथ ने उनके आवास पर जाकर मुलाकात की थी। ऐसे में इस बार की मुलाकात को भी राजनीतिक संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरा पूरी तरह संगठन को सक्रिय करने और नेताओं के बीच समन्वय मजबूत करने पर केंद्रित रहा। उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं तक सभी से मुलाकात की। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लगातार लंच, डिनर और चाय जैसे साझा कार्यक्रमों के जरिए पार्टी ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि संगठन और सरकार पूरी तरह एकजुट हैं।
विपक्ष पर फोकस
अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन ने पार्टी नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने नेताओं से कहा कि आपसी विवादों में ऊर्जा खर्च करने के बजाय विपक्ष का मजबूती से मुकाबला करें। साथ ही यह भी कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से पूरी ताकत के साथ शुरू करनी होगी और पार्टी की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
rEAD mORE : UP के इन कर्मचारियों को मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस इलाज! योगी कैबिनेट में 21 बड़े प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर





