Union Budget 1950 : अगले महीने केंद्र सरकार यूनियन बजट 2026 पेश करने वाली है। हर साल बजट से पहले देशभर में चर्चाओं का दौर शुरू हो जाता है। आम आदमी से लेकर बाजार तक, सभी की नजरें इस पर टिकी रहती हैं कि सरकार क्या ऐलान करेगी। यही वजह है कि बजट को लेकर असाधारण गोपनीयता बरती जाती है, ताकि कोई भी संवेदनशील जानकारी समय से पहले सार्वजनिक न हो और आर्थिक संतुलन बिगड़े नहीं। आज भले ही बजट की सुरक्षा अभेद्य मानी जाती हो, लेकिन एक समय ऐसा भी आया जब देश का बजट सचमुच लीक हो गया था।
दरअसल, यह घटना सन 1950 की है, जब आजादी के बाद शुरुआती वर्षों में भारत अपनी आर्थिक नीतियों को मजबूत करने की कोशिश कर रहा था। उस दौर में बजट दस्तावेजों की छपाई राष्ट्रपति भवन के प्रेस में होती थी और वहीं से बजट के कुछ गोपनीय पन्ने तय समय से पहले बाहर आ गए।
Union Budget नियमों में बदलाव
उस समय देश के वित्त मंत्री जॉन मथाई थे। बजट लीक होने की खबर सामने आते ही राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। इसे सरकार की गंभीर चूक माना गया। दबाव इतना बढ़ा कि जॉन मथाई को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। यह घटना भारत के वित्तीय इतिहास में एक बड़ा मोड़ साबित हुई। 1950 की इस चूक के बाद सरकार ने बजट तैयार करने और छापने की प्रक्रिया पर नए सिरे से विचार किया। तय किया गया कि भविष्य में बजट जैसे अहम दस्तावेज ज्यादा सुरक्षित स्थानों पर छापे जाएंगे। इसके बाद नॉर्थ ब्लॉक को बजट प्रिंटिंग का मुख्य केंद्र बनाया गया और सुरक्षा के कई नए नियम लागू किए गए।
क्या है ‘लॉक-इन पीरियड’?
इस घटना के बाद ‘लॉक-इन पीरियड’ की परंपरा शुरू हुई। इस व्यवस्था के तहत बजट तैयार करने और छापने से जुड़े अधिकारी पूरी तरह बाहरी दुनिया से काट दिए जाते हैं। यह प्रक्रिया बजट पेश होने से कुछ दिन पहले शुरू होती है, ताकि किसी भी तरह की जानकारी बाहर न जा सके। लॉक-इन पीरियड के दौरान अधिकारियों को न तो फोन इस्तेमाल करने की अनुमति होती है और न ही इंटरनेट की। वे नॉर्थ ब्लॉक में ही रहते हैं और संसद में बजट पेश होने तक वहीं रहते हैं। इस दौरान उनसे मिलने-जुलने तक पर सख्त पाबंदी होती है।
हलवा सेरेमनी से होती है शुरुआत
इस गोपनीय दौर की औपचारिक शुरुआत हलवा सेरेमनी से होती है। वित्त मंत्री की मौजूदगी में हलवा बांटा जाता है। इसके बाद अधिकारी लॉक-इन पीरियड में प्रवेश कर जाते हैं। यह परंपरा आज भी निभाई जाती है और बजट की गोपनीयता की पहचान बन चुकी है। 1950 का बजट लीक भले ही एक गलती थी, लेकिन उसी से आज की मजबूत और सुरक्षित बजट प्रणाली ने जन्म लिया। यही वजह है कि दशकों बाद भी बजट पेश होने तक उसकी हर पंक्ति रहस्य बनी रहती है।
Read More : Asaduddin Owaisi की पीएम मोदी से मांग, 26/11 के आरोपियों को भारत लाने की चुनौती





