SP Election Manifesto : उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी वादों के बीच समाजवादी पार्टी ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने रोजगार, सामाजिक न्याय और आम लोगों की आर्थिक मदद को अपने एजेंडे में प्रमुख जगह दी है। अखिलेश यादव ने इस दौरान युवाओं से लेकर अल्पसंख्यकों तक के लिए कई बड़े वादे किए।
बता दें कि सपा के घोषणापत्र में बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपये देने का प्रस्ताव रखा गया है। पार्टी ने छह साल के भीतर 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने और 2 से 3 करोड़ युवाओं के लिए दूसरे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का वादा भी किया है। इसके अलावा जातीय जनगणना कराने और समाजवादी कैंटीन के जरिए 5 रुपये में भोजन की थाली देने की बात कही गई है।
SP Election Manifesto
महिलाओं और बुजुर्ग कारीगरों के लिए भी घोषणापत्र में आर्थिक सहायता का ऐलान है। पार्टी ने बुजुर्ग महिला कारीगरों को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया है। हालांकि, अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के लिए अलग से एक और घोषणापत्र जारी किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर अल्पसंख्यकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उनके खिलाफ होने वाले हेट क्राइम पर रोक लगाने की बात भी कही गई। इसके साथ ही 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए वर्ग के लिए 50 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया गया है।
कार्रवाई के लिए बनेगी STF
सपा ने आम लोगों की जमीन पर माफिया और प्रभावशाली लोगों के अवैध कब्जे रोकने के लिए विशेष STF गठित करने की बात कही है। पार्टी का दावा है कि प्रदेश में गुंडों और माफियाओं को पनपने नहीं दिया जाएगा।
अखिलेश यादव ने संविधान की रक्षा को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि संविधान बदलने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा और देश संविधान के मुताबिक ही चलेगा।
Read More : IND vs NZ 2nd Test: क्राइस्टचर्च में तेज गेंदबाज मचाएंगे धमाल, जानें कैसी होगी हेगले ओवल की पिच




