Home » धर्म » Sawan Shivratri: यूपी में शिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा सैलाब, काशी विश्वनाथ से मेरठ तक 2 KM लंबी कतार

Sawan Shivratri: यूपी में शिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा सैलाब, काशी विश्वनाथ से मेरठ तक 2 KM लंबी कतार

Sawan Shivratri 2026 : सावन की शिवरात्रि पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश के शिव मंदिरों में सुबह से ही शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर मेरठ, सहारनपुर और पश्चिमी यूपी के अन्य शिवालयों में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े नजर आए। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर परिसर और आसपास का माहौल शिवमय बना रहा। वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की लंबी कतार लगी हुई है।

मंदिर के बाहर करीब 2 किलोमीटर तक भक्त दर्शन के लिए इंतजार करते नजर आए। अब तक 1 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। मंदिर प्रशासन अधिक से अधिक भक्तों को परिसर में प्रवेश कराने में जुटा है।

Sawan Shivratri

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर मार्ग को वन-वे जोन बनाया गया है। गोदौलिया चौक से गंगा घाट और मंदिर जाने वाले रास्ते पर वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई है। मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर में भी शिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां जलाभिषेक के लिए करीब 2 किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। भक्त घंटों इंतजार कर भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक करते नजर आए। बागपत में 26 वर्षीय चीनू कश्यप की कांवड़ यात्रा लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। करीब ढाई फीट लंबे चीनू ने हरिद्वार से गंगाजल भरा है। अब वह कांवड़ लेकर बागपत के शिव मंदिर पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

निकले कांवड़ यात्रा

सहारनपुर में भक्ति और श्रद्धा का अनोखा दृश्य देखने को मिला। यहां पांच पोते अपने 95 वर्षीय दादा को तराजू में बैठाकर कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। तराजू के दूसरे पलड़े में दादा के वजन के बराबर 45 लीटर गंगाजल रखा गया है। पांचों पोते बारी-बारी से कांवड़ उठाकर यात्रा पूरी कर रहे हैं। संभल में बारिश के बीच भक्तों की आस्था का अलग ही रूप देखने को मिला। श्रद्धालु बारिश से भरी सड़क पर लेटकर सिद्धपीठ श्रीपातालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। खराब मौसम भी भक्तों के उत्साह को कम नहीं कर सका।

तैनात पुलिसकर्मी

शामली में बारिश के बावजूद पुलिसकर्मी कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे डाक कांवड़िए लगातार प्रमुख चौराहों से गुजर रहे हैं। पुलिसकर्मी मार्गों पर तैनात रहकर कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित कर रहे हैं। सावन शिवरात्रि के चलते नोएडा में मंगलवार को स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार के मुताबिक शासन के निर्देश पर अवकाश घोषित किया गया है। वहीं प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है।

उमड़ी भीड़

सहारनपुर में शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए प्रमुख मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। श्री भूतेश्वर महादेव और बागेश्वर महादेव मंदिर में कांवड़ियों की भी बड़ी संख्या पहुंची। मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारों के बीच भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

Read More : Agra: गंभीर कुपोषित बच्चों को NRC में कराएं भर्ती, 80 आंगनबाड़ी भवनों का संचालन जल्द शुरू करने के निर्देश

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?