NEET UG Result : आगरा के फ्रेंड्स पुरम निवासी काव्य सिंह ने नीट यूजी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए एससी कैटेगरी में देशभर में 53वीं रैंक हासिल की है। वहीं उनकी ऑल इंडिया रैंक 1834 रही। खास बात यह है कि काव्य ने किसी बड़े कोचिंग संस्थान पर निर्भर रहने के बजाय घर पर सेल्फ स्टडी के जरिए यह सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
काव्य सिंह के पिता कैलाश चंद कर्दम उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं, जबकि उनकी मां संगीता रानी शिक्षिका हैं। काव्य का कहना है कि उनकी इस उपलब्धि के पीछे माता-पिता का मार्गदर्शन, विश्वास और लगातार मिला प्रोत्साहन सबसे बड़ा आधार रहा।
NEET UG Result
उन्होंने कहा कि यदि पूरी लगन और ईमानदारी से पढ़ाई की जाए तो किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है। काव्य ने बताया कि नीट की तैयारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य गैरजरूरी गतिविधियों से पूरी तरह दूरी बना ली थी। उन्होंने नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और एकाग्रता को अपनी सफलता का मुख्य मंत्र बताया। उनका मानना है कि आत्मअनुशासन और निरंतर अभ्यास किसी भी कठिन परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
पहुंचने लगे शुभचिंतक
नीट यूजी का परिणाम घोषित होने के बाद जैसे ही काव्य की रैंक की जानकारी सामने आई, उनके घर बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और परिचितों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। काव्य की सफलता उन छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनकर सामने आई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर बड़े लक्ष्य हासिल करना चाहते हैं।
Read More : Hathras Business: ऑनलाइन कारोबार से बदल रही युवाओं की तस्वीर, लोकल प्रोडक्ट्स की देशभर में बढ़ी मांग




