Home » उत्तर प्रदेश » UP में मानसून की दस्तक, 75 जिलों में बारिश का अलर्ट; 11 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

UP में मानसून की दस्तक, 75 जिलों में बारिश का अलर्ट; 11 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

UP Monsoon Update : उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और अब इसका प्रभाव पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। शुक्रवार तड़के से ही लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, उन्नाव, झांसी और जालौन समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई, जबकि आगरा, मथुरा सहित 30 से अधिक शहरों में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 11 जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी भी दी गई है।

शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे से कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया। उन्नाव में सुबह हुई तेज बारिश से गलियों में जलभराव हो गया और कई घरों में पानी घुस गया। जालौन में भी सुबह से लगातार बारिश दर्ज की गई। वहीं आगरा, मथुरा और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने के बीच बीच-बीच में धूप भी निकलती रही।

UP Monsoon Update

मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। 11 जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

बारिश से कई जिलों में बढ़ीं मुश्किलें

बारिश के चलते कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है। कानपुर में गुरुवार को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का नाला फूटने से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे आसपास के 12 गांव प्रभावित हुए। इससे पहले शामली में पहली ही बारिश के दौरान दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गड्ढे बनने की शिकायत सामने आई। वहीं सोनभद्र में तेज बहाव वाले नाले में एक महिला और उसकी आठ महीने की बेटी बह गईं। बलिया और फतेहपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत भी हुई।

बना रहेगा बारिश का दौर

लखनऊ स्थित मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और अगले एक सप्ताह तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। लगातार वर्षा के कारण तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, पूरे मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना भी जताई गई है।

54 प्रतिशत अधिक बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में औसतन 8.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 5.5 मिमी होता है। यानी इस अवधि में प्रदेश में सामान्य से 54 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। हालांकि 1 जून से 2 जुलाई तक कुल 58.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य 106.8 मिमी के मुकाबले लगभग 45 प्रतिशत कम है। पिछले 24 घंटों में संभल में सबसे अधिक 46.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि मिर्जापुर, आजमगढ़, बदायूं, मुरादाबाद, वाराणसी, हरदोई, बिजनौर, एटा और लखीमपुर-खीरी में भी अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

Read More : Varanasi Ropeway: 16 मिनट में कैंट से गोदौलिया पहुंचेंगे यात्री, देश का पहला पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे देव दीपावली से होगा शुरू!

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?