ITI Agra : आगरा मंडल के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में अब युवाओं को केवल पारंपरिक ट्रेडों तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। बदलती तकनीक और उद्योगों की मांग को देखते हुए रोबोटिक्स, डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV), 3डी प्रिंटिंग और इंडस्ट्रियल इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IIoT) जैसे आधुनिक कोर्स शुरू किए गए हैं। इन तकनीकी पाठ्यक्रमों के जरिए युवाओं को भविष्य की इंडस्ट्री के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा रहा है। इन कोर्सों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 8 अगस्त निर्धारित की गई है।
संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण एवं रोजगार संजय सागर ने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (TTL) के सहयोग से वर्ष 2024 में आधुनिक तकनीक आधारित लॉन्ग टर्म कोर्स शुरू किए गए हैं। पहले चरण में आगरा मंडल की आठ आईटीआई में कुल 11 नए ट्रेड संचालित किए जा रहे हैं।
ITI Agra
इन सभी संस्थानों में कुल 792 सीटें उपलब्ध हैं। आधुनिक तकनीकों से जुड़े इन पाठ्यक्रमों को लेकर युवाओं में अच्छा उत्साह देखने को मिल रहा है। बल्केश्वर स्थित आईटीआई में मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल, आर्टिसियन यूजिंग एडवांस टूल और सीएएम प्रोग्रामर जैसे कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। यहां इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड में 24 और एडवांस टूल ट्रेड में 20 सीटें उपलब्ध हैं। फतेहाबाद आईटीआई में मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन तथा एडवांस्ड सीएनसी मशीनिंग टेक्नीशियन जैसे कोर्स चल रहे हैं। शिकोहाबाद आईटीआई में 3डी प्रिंटिंग (एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग टेक्नीशियन), इंडस्ट्रियल इंटरनेट ऑफ थिंग्स टेक्नीशियन और मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल के कोर्स उपलब्ध हैं। वहीं गोवर्धन आईटीआई में रोबोटिक्स एंड डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग टेक्नीशियन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
युवाओं की पसंद
प्रशिक्षण विभाग का मानना है कि अब युवा ऐसे ट्रेड चुन रहे हैं जिनकी आने वाले वर्षों में उद्योगों में अधिक मांग रहने की संभावना है। ऑटोमेशन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित उत्पादन प्रणाली और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए आईटीआई में आधुनिक तकनीकों को शामिल किया गया है, ताकि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को बेहतर रोजगार और करियर के अवसर मिल सकें।
8 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन
इन सभी आधुनिक ट्रेडों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है और इच्छुक अभ्यर्थी 8 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे भविष्य की तकनीकों से जुड़ी स्किल हासिल कर रोजगार के नए अवसरों का लाभ उठा सकें।
Read More : Janta Darshan में CM Yogi ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, बोले- घबराइए नहीं, हर समस्या का होगा समाधान




