Home » उत्तर प्रदेश » China को टक्कर दे रहा आगरा का Brush Industry, ODOP में शामिल कराने की तेज हुई मांग

China को टक्कर दे रहा आगरा का Brush Industry, ODOP में शामिल कराने की तेज हुई मांग

China : आगरा का ब्रश और क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उद्योग अब वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और नवाचार के दम पर यह उद्योग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीन की प्रतिस्पर्धा का सामना कर रहा है। अब इस उद्योग को नई पहचान दिलाने के लिए इसे उत्तर प्रदेश की एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) योजना में शामिल कराने की मांग तेज हो गई है। फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में आयोजित ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स एसोसिएशन के प्रथम स्थापना दिवस समारोह में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने इस दिशा में सरकार से ठोस कदम उठाने की अपील की।

समारोह में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि ब्रश उद्योग को ODOP योजना में शामिल किया जाता है तो इससे उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन और निर्यात को नई गति मिलेगी।

China को देगा टक्कर

एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित मोरियानी ने बताया कि उद्योग को ODOP में शामिल कराने के लिए सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल कानपुर में औद्योगिक सचिव से मुलाकात करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार के सहयोग से आगरा का यह उद्योग वैश्विक बाजार में और अधिक मजबूत स्थिति हासिल करेगा। उद्यमियों ने सरकार से बाथरूम ब्रश पर वस्तु एवं सेवा कर (GST) की दर घटाकर 5 प्रतिशत करने की भी मांग रखी। उनका कहना है कि टैक्स में राहत मिलने से उत्पादन लागत कम होगी, जिससे घरेलू उद्योग को प्रतिस्पर्धा में बढ़त मिलेगी। साथ ही ब्रश उत्पादों की जीआई टैगिंग (Geographical Indication) कराने की मांग भी उठाई गई, ताकि आगरा में निर्मित उत्पादों को अलग पहचान और कानूनी संरक्षण मिल सके।

सहयोग का दिया भरोसा

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि आगरा का ब्रश उद्योग निर्यात के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है और गुणवत्ता के आधार पर चीन के वर्चस्व को चुनौती दे रहा है। विशिष्ट अतिथि एवं लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल ने कहा कि क्लस्टर मॉडल के जरिए यह उद्योग पूरे देश की वैश्विक पहचान बन सकता है। संयुक्त आयुक्त (उद्योग) अनुज कुमार ने भी उद्यमियों को विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

सामाजिक भागीदारी

कार्यक्रम के दौरान उद्योग जगत ने सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचय दिया। आगरा व्यापार मंडल की ओर से 16 अगस्त को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर के लिए ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स एसोसिएशन ने 51 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। इसके साथ ही 500 पंजीकरण फॉर्म भी सौंपे गए। समारोह में व्यापार मंडल अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल, नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल, अंकित अग्रवाल, मुकेश आहूजा, शैलेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति और व्यापारी उपस्थित रहे।

Read More : Baby Care Tips: रात में बार-बार रोता है नवजात? ऐसे करें सही देखभाल

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?