iPhone : अगर आप Apple iPhone इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दुनियाभर में iPhone यूजर्स को एक नए ईमेल स्कैम के जरिए निशाना बनाया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 1.8 अरब यूजर्स को इस तरह के फर्जी मेल भेजे जा रहे हैं, जिनमें iCloud अकाउंट को लेकर डराने वाली जानकारी दी जाती है। इस स्कैम में ठग Apple के नाम से नकली ईमेल भेजते हैं।
इन मेल में लिखा होता है कि आपका iCloud स्टोरेज फुल हो गया है या आपका अकाउंट ब्लॉक होने वाला है। कई बार इसमें यह भी कहा जाता है कि आपकी फोटो और वीडियो जल्द डिलीट हो सकती हैं, जिससे यूजर घबरा जाए और तुरंत कार्रवाई करे।
iPhone यूजर्स सावधान!
इन ईमेल में एक लिंक या बटन दिया जाता है, जिस पर क्लिक करते ही यूजर एक फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है। यह वेबसाइट बिल्कुल असली Apple साइट जैसी दिखती है, जिससे यूजर को शक नहीं होता। यहां यूजर से Apple ID, पासवर्ड, बैंक डिटेल्स और कार्ड जानकारी मांगी जाती है। जैसे ही ये जानकारी डाली जाती है, ठग उसे चुरा लेते हैं।
फर्जी ईमेल की ऐसे करें पहचान
ऐसे स्कैम ईमेल को पहचानना मुश्किल नहीं है, अगर आप थोड़ी सावधानी बरतें। आमतौर पर इन ईमेल का सेंडर एड्रेस अजीब होता है, जैसे .biz.ua या किसी अनजान डोमेन से भेजा गया होता है। इसके अलावा इनमें स्पेलिंग और ग्रामर की गलतियां भी होती हैं, जैसे “Your account may expires today”। सबसे खास बात, इन मेल में डर पैदा करने वाली भाषा का इस्तेमाल किया जाता है।
कंज्यूमर संस्था ने जारी की चेतावनी
यूके की कंज्यूमर संस्था Which? ने भी इस स्कैम को लेकर चेतावनी जारी की है। संस्था ने कहा है कि ऐसे ईमेल तेजी से फैल रहे हैं और यूजर्स को खास सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने साफ कहा है कि Apple कभी भी ईमेल के जरिए इस तरह की संवेदनशील जानकारी नहीं मांगता। एक बार अगर यूजर इस जाल में फंस जाता है, तो उसे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ डेटा चोरी का खतरा भी होता है। बैंक डिटेल्स और पासवर्ड लीक होने से अकाउंट खाली हो सकता है और निजी जानकारी गलत हाथों में जा सकती है। इसलिए ऐसे मामलों में छोटी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है।
ऐसे रखें खुद को सुरक्षित
एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी संदिग्ध ईमेल को तुरंत डिलीट कर देना चाहिए। किसी भी लिंक पर क्लिक न करें और अगर गलती से क्लिक हो जाए तो कोई जानकारी न भरें। अपने iPhone की सेटिंग्स में जाकर सीधे iCloud स्टोरेज चेक करें, ताकि असली स्थिति का पता चल सके। आज के डिजिटल दौर में इस तरह के स्कैम तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि यूजर्स सतर्क रहें और किसी भी अनजान ईमेल या लिंक पर भरोसा न करें। थोड़ी सी जागरूकता आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है।
Read More : Upcoming IPO: अगले हफ्ते 2 नए आईपीओ होंगे लॉन्च, जानें डिटेल




