Gorakhpur Green City Road : गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद रवि किशन के अंदाज पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली। ग्रीन सिटी रोड के लोकार्पण कार्यक्रम में सीएम ने पहले सांसद की चुप्पी पर सवाल किया और फिर वहां मौजूद लोगों से रवि किशन की फिल्म और कालीबाड़ी बाबा की फिल्म देखने को लेकर सवाल पूछे। इसी दौरान उन्होंने गोरखपुर की करीब 1.80 किलोमीटर लंबी सड़क का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज सांसद जी ने कुछ बोला नहीं है। लगता है इन्होंने कुछ ज्यादा लोगों को भोज दे दिया है। इसके बाद उन्होंने लोगों से पूछा कि कितने लोग रवि किशन के यहां भोज में गए थे। सीएम की इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हल्का-फुल्का माहौल बन गया।
Gorakhpur Green City Road
मुख्यमंत्री ने इसके बाद वहां मौजूद लोगों से पूछा कि कितने लोगों ने रवि किशन की फिल्म देखी है और कितने लोगों ने कालीबाड़ी बाबा की फिल्म देखी है। दोनों सवालों पर लोगों ने हाथ उठाकर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस पर सीएम योगी ने मुस्कुराते हुए कहा कि बराबरी है। कार्यक्रम में कालीबाड़ी के महंत रविंद्र दास भी मौजूद थे। सीएम योगी ने गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक बनी सड़क का लोकार्पण किया। करीब 1.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 69.58 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। लोकार्पण के बाद इसे आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। सड़क बनने से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही आवाजाही की परेशानी कम होने की उम्मीद है।
लोगों को होती थी परेशानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीन सिटी कॉलोनी से पदोनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक पहले रास्ता काफी संकरा था। हालत यह थी कि बस और ट्रक तक आसानी से नहीं पहुंच पाते थे। आसपास कई स्कूल भी हैं, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में दिक्कत होती थी। नई सड़क से स्थानीय लोगों के साथ विद्यार्थियों और अन्य राहगीरों को भी सुविधा मिलेगी। सीएम योगी ने कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को सोनौली, महाराजगंज और बलरामपुर की ओर जाने के लिए शहर के भीतर जाने की जरूरत कम होगी। राजघाट पुल के पास ट्रांसपोर्ट नगर से माधोपुर तक फोरलेन सड़क का काम भी चल रहा है।
डोमिनगढ़ में प्रस्तावित फ्लाईओवर और अन्य परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर से बाहर निकलने और लखनऊ की ओर जाने में भी लोगों को सहूलियत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
REad More : Varanasi Airport Runway पर अचानक हुआ बंद, आसमान में चक्कर काटती रही दिल्ली की फ्लाइट; डायवर्ट हुए विमान




