Varanasi Airport Runway : वाराणसी एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर रनवे में गड़बड़ी सामने आने के बाद अचानक विमानों का संचालन प्रभावित हो गया। एयरपोर्ट प्रबंधन ने एहतियातन रनवे बंद कर दिया। इसके बाद वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंच चुके विमानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। दिल्ली से आई इंडिगो की फ्लाइट करीब आधे घंटे तक आसमान में चक्कर काटती रही, लेकिन लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने पर उसे अयोध्या भेज दिया गया।
दिल्ली से वाराणसी पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E-5025 काफी देर तक लैंडिंग का इंतजार करती रही। रनवे पर संचालन बंद होने के कारण विमान को बाद में अयोध्या डायवर्ट कर दिया गया।
Varanasi Airport Runway
इसी तरह अहमदाबाद से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6805 और नवी मुंबई से आने वाली 6E-2442 को लखनऊ भेज दिया गया। वहीं अयोध्या, दिल्ली और लखनऊ से वाराणसी आने वाली तीन उड़ानों को संबंधित एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। वाराणसी एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के अनुसार, एक विमान के लैंड करने के बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी एटीसी को रनवे पर गड़बड़ी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट की टीम ने रनवे की जांच शुरू कर दी। हवाई क्षेत्र में पहुंच चुके विमानों को तत्काल दूसरे एयरपोर्ट पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
आने से बढ़ी परेशानी
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, बाबतपुर एयरपोर्ट पर रनवे विस्तार का काम चल रहा है। रात में रनवे बंद रहने के दौरान निर्माण कार्य किया जाता है। इसी दौरान कुछ सामान रनवे पर आ गया था। उसे हटाने और रनवे की सफाई का काम शुरू किया गया। प्रशासन ने पहले दोपहर तीन बजे तक उड़ान संचालन बहाल करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन तय समय तक सफाई पूरी नहीं हो सकी। उड़ानें डायवर्ट होने की जानकारी के बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। यात्री एयरलाइंस के काउंटर पर पहुंचकर फ्लाइट की स्थिति और आगे की यात्रा को लेकर जानकारी लेते रहे। वहीं, यात्रियों को लेने पहुंचे परिजन भी लगातार फोन पर संपर्क कर हालचाल पूछते नजर आए।
लंबा करने की तैयारी
वाराणसी एयरपोर्ट का करीब 2,870 करोड़ रुपये की लागत से विस्तार किया जा रहा है। परियोजना के तहत नई टर्मिनल बिल्डिंग के साथ मौजूदा 2,750 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर 4,000 मीटर से अधिक करने की योजना है। इससे बड़े विमानों के संचालन में सुविधा बढ़ेगी। इसके अलावा एयरपोर्ट पर रनवे अंडरपास बनाने का काम भी प्रस्तावित विस्तार का हिस्सा है।
Read More : Hariyali Amavasya पर लगेगा साल का आखिरी सूर्य ग्रहण, इन 4 राशियों के लिए रहेगा बेहद शुभ




