Golden Temple : श्री हरिमंदिर साहिब को स्वर्ण मंदिर के नाम से भी जाना जाता है, सिख धर्म की आस्था और आध्यात्मिकता का सर्वोच्च प्रतीक है। यह केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सेवा, समानता और शांति का संदेश देने वाला पवित्र केंद्र है। यहां हर धर्म, हर जाति और हर वर्ग के लोग श्रद्धा के साथ नतमस्तक होते हैं। मंदिर के पवित्र सरोवर में स्नान करना श्रद्धालुओं के लिए आत्मिक शुद्धि का माध्यम माना जाता है। इस पवित्र स्थान से जुड़ी हर मर्यादा और परंपरा का विशेष महत्व है, इसलिए यहां होने वाली किसी भी अनुचित घटना को गंभीरता से लिया जाता है।
हाल ही में श्री हरिमंदिर साहिब के पवित्र सरोवर में अनुचित कृत्य करने के आरोप में एक मुस्लिम युवक सुभान रंगरेज का नाम सामने आया, जिसने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला खड़ा कर दिया।
Golden Temple के सरोवर में किया कुल्ला
इस घटना के सामने आने के बाद सिख समुदाय में नाराजगी और आक्रोश देखने को मिला। इसे आस्था और मर्यादा का अपमान मानते हुए विभिन्न संगठनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी युवक सुभान रंगरेज को हिरासत में ले लिया है। गिरफ्तारी के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है, क्योंकि यह घटना एक बेहद संवेदनशील धार्मिक स्थल से जुड़ी है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि उसकी मंशा क्या थी और वह किस उद्देश्य से वहां पहुंचा था।
एसजीपीसी की जांच
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच की। कमेटी के लीगल एडवाइजर अमनबीर सिंह सियाली के अनुसार, जांच में यह संकेत मिले हैं कि युवक की नीयत महज भूल नहीं, बल्कि मर्यादा भंग करने की हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह 15 जनवरी को अपने चार दोस्तों के साथ करीब 20 मिनट तक मंदिर परिसर में मौजूद रहा और उसने परंपरा के अनुसार माथा टेकने जैसी मर्यादाओं का भी पालन नहीं किया, जिससे संदेह और गहरा गया।
पंजाब पुलिस में दर्ज हुआ मामला
एसजीपीसी ने इस पूरे घटनाक्रम को बेहद गंभीर मानते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत सौंपी। इसके बाद पंजाब पुलिस ने भी औपचारिक रूप से केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि घटना पूर्व नियोजित थी या फिर किसी प्रकार की अज्ञानता के चलते हुई। घटना के बाद आरोपी युवक ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है। वीडियो में उसने कहा कि यदि उसके किसी कृत्य से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए खेद प्रकट करता है। उसका दावा है कि उसे धार्मिक परंपराओं और मर्यादाओं की पूरी जानकारी नहीं थी, इसी वजह से उससे यह गलती हो गई।
Read More : Phulera Dooj: 19 फरवरी को मनाई जाएगी फुलेरा दूज, ब्रज में रंग-बिरंगी फूलों से सजेगा शहर





