DBRAU PhD Admission : डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (डीबीआरएयू) प्रशासन पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया को गति देते हुए 15 अगस्त से पहले काउंसलिंग शुरू करने की तैयारी में जुट गया है। विश्वविद्यालय स्तर पर इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है और जल्द ही संबंधित समिति की बैठक बुलाकर अंतिम कार्यक्रम तय किया जाएगा। प्रवेश समन्वयक प्रो. बीपी सिंह के अनुसार इस वर्ष विश्वविद्यालय ने 54 विषयों में पीएचडी प्रवेश परीक्षा आयोजित की थी।
परीक्षा में करीब 2900 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें 2,050 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। वहीं लगभग 500 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। इस बार पहली बार उर्दू और जनसंचार एवं पत्रकारिता विषय के लिए भी पीएचडी प्रवेश परीक्षा कराई गई।
DBRAU PhD Admission
हिंदी, शिक्षा, इतिहास, विधि, राजनीति विज्ञान, जंतु विज्ञान, भूगोल, गृह विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, वाणिज्य, समाज कार्य और मनोविज्ञान जैसे कई विषयों में सीटों की तुलना में दोगुने से अधिक अभ्यर्थी सफल हुए हैं। ऐसे में इन विषयों में प्रवेश के लिए प्रतिस्पर्धा अधिक रहने की संभावना है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह विषयवार मेरिट सूची और लागू आरक्षण नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।
बनेंगे 5 केंद्र
काउंसलिंग को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए पांच केंद्र बनाए जाएंगे। समिति की बैठक के बाद काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम और अन्य दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि अभ्यर्थी समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकें।
Read More : UP Scholarship पोर्टल का सर्वर दिनभर रहा डाउन, 300 स्कूल-कॉलेज मास्टर डाटा अपलोड करने से चूके





