Travis Head : आईपीएल 2027 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक अहम खबर सामने आई है। टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड अगले सीजन में खेलते नजर नहीं आ सकते हैं। पिछले कुछ सीजन से अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने वाले हेड ने खुद टूर्नामेंट से दूरी बनाने का फैसला लिया है।
बता दें कि ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम को देखते हुए हेड अपना वर्कलोड कम करना चाहते हैं। इसी वजह से वह आईपीएल 2027 में हिस्सा नहीं लेने पर विचार कर रहे हैं। 17 नवंबर को खिलाड़ियों के रिटेंशन और रिलीज की अंतिम तारीख है। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी की खबर से सनराइजर्स के आगामी सीजन की रणनीति प्रभावित हो सकती है। हालांकि, फ्रेंचाइजी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही उनकी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
Travis Head
ट्रेविस हेड को सनराइजर्स हैदराबाद ने 14 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। अगर वह अगले सीजन के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं और टीम उन्हें रिलीज करती है, तो यह रकम फ्रेंचाइजी के ऑक्शन पर्स में जुड़ सकती है। इससे हैदराबाद को किसी दूसरे विदेशी या भारतीय ओपनर को खरीदने का मौका मिलेगा। टीम को अभिषेक शर्मा के साथ नई ओपनिंग जोड़ी भी तलाशनी पड़ सकती है।
व्यस्त रहेगा क्रिकेट कैलेंडर
हेड के इस फैसले के पीछे ऑस्ट्रेलिया का आगामी कार्यक्रम बड़ी वजह माना जा रहा है। अगले साल आईपीएल से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने आएगी। इसके बाद जून में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल प्रस्तावित है।
वहीं, जून से अगस्त तक इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज खेली जानी है। इसके अलावा अक्टूबर-नवंबर 2027 में वनडे विश्व कप का आयोजन भी होगा। लगातार बड़े टूर्नामेंट होने के कारण हेड अपने खेल और फिटनेस के बीच संतुलन बनाने के लिए आईपीएल से ब्रेक ले सकते हैं।
Read More : IPL 2027 Retention: आज 10 टीमों की रिटेंशन लिस्ट होगी फाइनल, जानिए कौन होगा रिटेन और किसकी होगी छुट्टी




