UP Tablet Distribution : उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल शिक्षा और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं देने के लिए योगी सरकार ने टैबलेट वितरण अभियान को आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट बांटने के दूसरे चरण की शुरुआत की। कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। बता दें कि इस कार्यक्रम का आयोजन जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर किया गया।
इसमें लखनऊ मंडल के 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन उपकरणों में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से ज्यादा निशुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। युवा अपनी पसंद के अनुसार योग, गणित, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीप टेक जैसे विषयों की पढ़ाई कर सकेंगे।
UP Tablet Distribution
सीएम योगी ने बताया कि टैबलेट में युवा साथी ऐप के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी। इसमें छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम इंटर्नशिप, सीएम इंटर्नशिप, सीएम युवा और पीएम मुद्रा योजना जैसी सुविधाओं का विवरण उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि टैबलेट को केवल मनोरंजन का साधन न बनाएं, बल्कि इसका उपयोग ज्ञान बढ़ाने, नए कौशल सीखने और नवाचार के लिए करें। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए सरकार ने स्मार्टफोन के स्थान पर टैबलेट देने का फैसला किया है।
60 लाख विद्यार्थियों को मिले उपकरण
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना की शुरुआत 25 दिसंबर 2021 को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर हुई थी। कोरोना महामारी के दौरान पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार ने दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का लक्ष्य रखा था। पहले चरण में 60 लाख विद्यार्थियों को उपकरण दिए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश हर साल दो लाख से अधिक STEM स्नातक तैयार कर रहा है। टाटा, सैमसंग, हिंदुजा और एचसीएल जैसी कंपनियां भी युवाओं को आधुनिक तकनीक और रोजगार की जरूरतों के मुताबिक प्रशिक्षित करने में सहयोग कर रही हैं।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मुख्यमंत्री ने उनके संघर्ष और देश के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि महज 25 वर्ष की उम्र में बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी थी। वहीं, स्वामी विवेकानंद को युवाओं का बड़ा आध्यात्मिक प्रेरणास्रोत बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हीं के नाम पर युवा सशक्तीकरण योजना शुरू की गई।
भर्ती प्रक्रिया को लेकर निशाना
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पिछली समाजवादी पार्टी सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भर्तियों में भ्रष्टाचार और सिफारिश का बोलबाला था। कई बार परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के बजाय दूसरे लोगों को नियुक्तियां मिल जाती थीं। योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने ऐसी नियुक्तियों को रद्द कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी तक एक लाख से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। उन्होंने शिक्षा, पुलिस, पंचायती राज, राजस्व और फॉरेंसिक विभागों में हुई और प्रस्तावित भर्तियों का भी उल्लेख किया। साथ ही 42 हजार होमगार्ड को अगले दस दिनों में नियुक्ति पत्र देने का प्रयास करने की बात कही।
रोजगार पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाना है। इसके लिए हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल जोन विकसित करने की योजना है। बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ में औद्योगिक शहर बसाने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देश में बनने वाले मोबाइल फोन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। उनके मुताबिक, प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 2017 के 120 से बढ़कर अब 25 हजार से अधिक हो गई है। सीएम युवा योजना के तहत युवाओं को ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण भी दिया जा रहा है।
जुड़वाने की अपील
मुख्यमंत्री ने उन युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र को मजबूत करने के साथ नागरिकों की जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Read More : Vaibhav Sooryavanshi बिहार के दूसरे मैच से बाहर, जानिए क्यों नहीं मिली प्लेइंग इलेवन में जगह





