Jay Shah : इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में एक बार फिर जय शाह को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए बोर्ड का चेयरमैन चुन लिया गया है। बाली में हुई बैठक के दौरान सभी डायरेक्टर्स ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। उनके मुकाबले किसी दूसरे उम्मीदवार के सामने नहीं आने के कारण जय शाह निर्विरोध चुने गए। बता दें कि ICC ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस फैसले की जानकारी साझा की।
बोर्ड ने कहा कि जय शाह के नेतृत्व पर सभी सदस्यों का भरोसा कायम है। उनके दूसरे कार्यकाल से दुनिया के अलग-अलग देशों में क्रिकेट का विस्तार करने, दर्शकों की संख्या बढ़ाने और खेल के लिए कमाई के नए अवसर तैयार करने की योजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
Jay Shah
दोबारा चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने इसे अपने लिए सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में क्रिकेट को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। जय शाह के मुताबिक, क्रिकेट इस समय बदलाव के अहम दौर से गुजर रहा है। साल 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक में इस खेल की वापसी नए दर्शकों तक पहुंचने का अवसर देगी। उन्होंने कहा कि उनकी जिम्मेदारी सिर्फ बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों, प्रशंसकों, व्यावसायिक साझेदारों और क्रिकेट से जुड़े सभी लोगों के हितों का ध्यान रखते हुए खेल का भविष्य बेहतर बनाना भी है।
36 साल की उम्र में बने थे चेयरमैन
जय शाह ने साल 2024 में पहली बार ICC चेयरमैन का पद संभाला था। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी। उस समय 36 वर्ष की उम्र में वह इस पद पर पहुंचने वाले सबसे युवा व्यक्ति बने थे। वह ICC चेयरमैन बनने वाले पांचवें भारतीय हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन श्रीनिवासन और शशांक मनोहर इस पद पर रह चुके हैं। गौरतलब है कि साल 2015 से पहले ICC के प्रमुख के पद को ‘प्रेसिडेंट’ कहा जाता था। बाद में इसका नाम बदलकर ‘चेयरमैन’ कर दिया गया।
Read More : Suryakumar Yadav ने मैदान पर लौटते ही मचाया तूफान, 21 गेंदों में ठोक दिए 60 रन





