ODI World Cup 2027 Schedule : आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप 2027 को लेकर क्रिकेट फैंस का इंतजार खत्म होने वाला है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) गुरुवार, 1 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में आयोजित कार्यक्रम में टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल जारी करेगी। इसी के साथ विश्व कप के आगाज का एक साल का काउंटडाउन भी शुरू हो जाएगा। टूर्नामेंट 2 अक्टूबर 2027 से 21 नवंबर 2027 तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है।
शेड्यूल की घोषणा के साथ यह साफ हो जाएगा कि भारतीय टीम अपने मुकाबले कब और किन मैदानों पर खेलेगी। इसके अलावा क्रिकेट फैंस की नजर भारत-पाकिस्तान सहित दूसरे बड़े मुकाबलों की तारीख और वेन्यू पर भी रहेगी।
ODI World Cup 2027 Schedule
शेड्यूल जारी होने के साथ मैचों के टिकटों को लेकर भी अहम जानकारी सामने आने की उम्मीद है। इससे फैंस को अपनी पसंदीदा टीमों के मुकाबलों के लिए पहले से योजना बनाने का मौका मिलेगा। 30 सितंबर की क्वालिफिकेशन कट-ऑफ तक विश्व कप में हिस्सा लेने वाली 14 टीमों में से 10 की जगह तय हो चुकी है। दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के कारण सीधे प्रवेश मिला है।
वनडे रैंकिंग के आधार पर भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान ने विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया है। सह-मेजबान नामीबिया को स्वतः प्रवेश नहीं मिला है और उसे क्वालिफिकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा।
वेस्टइंडीज को खेलना होगा क्वालिफायर
दो बार की वनडे विश्व कप चैंपियन वेस्टइंडीज इस बार सीधे क्वालिफाई करने वाली टीमों में जगह नहीं बना सकी। ऐसे में उसे मुख्य टूर्नामेंट में पहुंचने के लिए क्वालिफायर का रास्ता अपनाना होगा। क्वालिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाकी चार टीमों का फैसला होगा। इसके बाद विश्व कप में हिस्सा लेने वाली सभी 14 टीमों की अंतिम तस्वीर साफ हो जाएगी। 2027 वनडे विश्व कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट में सात-सात टीमों के दो ग्रुप बनाए जाएंगे। प्रत्येक टीम अपने ग्रुप की बाकी छह टीमों से एक-एक मुकाबला खेलेगी।
Your guide to the new Men’s @cricketworldcup format for the 2027 edition in South Africa, Zimbabwe and Namibia 🏆
Stay tuned to ICC channels as we prepare to launch the full ICC Men’s #CWC27 match schedule on October 1, with fans able to enter the ticket ballot at the same time… pic.twitter.com/eGYntcEnjc
— ICC (@ICC) September 30, 2026
इस तरह ग्रुप स्टेज में कुल 42 मुकाबले होंगे। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष तीन टीमें सुपर सिक्स चरण में पहुंचेंगी। इसके बाद सुपर सिक्स से चार सर्वश्रेष्ठ टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी।
सेमीफाइनल के बाद होगी खिताबी जंग
सुपर सिक्स चरण पूरा होने के बाद चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेताओं के बीच विश्व कप की ट्रॉफी के लिए फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
टूर्नामेंट का फाइनल 21 नवंबर 2027 को प्रस्तावित है। हालांकि, मुकाबलों के वेन्यू, तारीख और अन्य विस्तृत जानकारी आज जारी होने वाले आधिकारिक शेड्यूल में सामने आएगी। आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 के शेड्यूल से जुड़ा कार्यक्रम भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे शुरू होने की जानकारी है। ऐसे में भारतीय क्रिकेट फैंस की निगाहें इस कार्यक्रम पर रहेंगी।
प्रसारण से जुड़ी उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, भारत में कार्यक्रम को स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर टीवी और जियोहॉटस्टार पर डिजिटल माध्यम से देखा जा सकेगा। शेड्यूल सामने आने के बाद टीम इंडिया के विश्व कप अभियान की पूरी तस्वीर भी साफ हो जाएगी।
Read More : Virat Kohli ने चुना ड्रीम बल्लेबाज, सचिन से लेकर गेल तक इन 7 दिग्गजों की खूबियों को किया शामिल; देखें लिस्ट




