UP TET : उत्तर प्रदेश में कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब बेसिक शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षक भी Special TET में शामिल हो सकेंगे. प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर पढ़ाने वाले शिक्षकों को भी इसके लिए पात्र माना गया है. सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 5 लाख कार्यरत शिक्षकों के लिए विशेष TET में शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है. अब तक विशेष TET का दायरा काफी सीमित था और इसे मुख्य रूप से बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में कार्यरत विशेष शिक्षकों के लिए आयोजित किया जा रहा था.
बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से मिले निर्देशों के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने Special TET का विज्ञापन जारी कर दिया है. इसके साथ ही परीक्षा और आवेदन प्रक्रिया को लेकर तस्वीर स्पष्ट हो गई है.
UP TET
शासन ने यह भी साफ किया है कि जिन शिक्षकों ने पहले से TET या CTET उत्तीर्ण कर रखा है, उन्हें दोबारा Special TET पास करने की जरूरत नहीं होगी. वहीं, जिन शिक्षकों ने अब तक इनमें से कोई परीक्षा पास नहीं की है, उन्हें विशेष TET में आवेदन कर परीक्षा देने के लिए कहा गया है. बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित शिक्षकों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं, ताकि कोई पात्र शिक्षक आवेदन से वंचित न रह जाए.
आवेदन शुरू
शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 3 सितंबर को परीक्षा का विज्ञापन जारी किया था. इसके बाद 5 सितंबर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, ओटीआर और आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. अभ्यर्थियों के पास आवेदन शुल्क जमा करने के लिए 4 अक्टूबर तक का समय है. अगर आवेदन में किसी तरह की गलती रह जाती है तो उसमें संशोधन 8 अक्टूबर तक किया जा सकेगा. Special TET की परीक्षा 3 नवंबर को प्रस्तावित है. यानी आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए करीब एक महीने का समय मिलेगा. परीक्षा 150 अंकों की होगी और इसमें वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा की अवधि ढाई घंटे रखी गई है. खास बात यह है कि गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे.
TET पास करना जरूरी
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल 1 सितंबर को दिए अपने आदेश में कार्यरत शिक्षकों के लिए 31 अगस्त 2028 तक TET पास करना जरूरी किया था. इसके बाद शिक्षक संगठनों की ओर से विशेष परीक्षा कराने की मांग उठाई गई. शासन ने कार्यरत शिक्षकों के लिए अलग Special TET कराने का फैसला लिया और अब इसकी कार्ययोजना को मंजूरी मिलने के बाद परीक्षा आयोजित की जा रही है. परीक्षा में सफलता के लिए भी अलग-अलग वर्ग के हिसाब से अंक निर्धारित किए गए हैं. सामान्य वर्ग के शिक्षकों को 150 में कम से कम 90 अंक यानी 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे.
एससी, एसटी, ओबीसी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, पूर्व सैनिक और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 82 अंक यानी 55 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं. EWS वर्ग के सामान्य अभ्यर्थियों के लिए भी न्यूनतम 82 अंक जरूरी होंगे.
पहला पेपर
पेपर-1 कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए होगा. इसमें बाल विकास एवं शिक्षण विधि, हिंदी, दूसरी भाषा के रूप में अंग्रेजी, उर्दू या संस्कृत में से एक भाषा, गणित और पर्यावरण अध्ययन शामिल होंगे. प्रत्येक विषय से 30 अंकों के सवाल पूछे जाएंगे. पेपर-2 कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए निर्धारित है. इसमें बाल विकास एवं शिक्षण विधि और हिंदी के अलावा दूसरी भाषा के तौर पर अंग्रेजी, उर्दू या संस्कृत में से एक विकल्प चुनना होगा. इसके साथ गणित-विज्ञान, सामाजिक अध्ययन या सामाजिक विज्ञान में से एक विषय लेना होगा. पहले तीन विषयों के 30-30 अंक होंगे, जबकि अंतिम विषय के 60 अंक होंगे.
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए अभ्यर्थी को सबसे पहले आयोग की वेबसाइट पर जाकर OTR पूरा करना होगा. रजिस्ट्रेशन के दौरान मोबाइल नंबर या ईमेल पर आए ओटीपी से सत्यापन करना होगा. इसके बाद शैक्षणिक योग्यता की जानकारी, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे. होमपेज पर दिए Special TET आवेदन लिंक से फॉर्म खोलकर जरूरी जानकारी भरनी होगी. आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फाइनल सबमिट करना होगा. आवेदन पूरा होने पर फॉर्म और फीस की रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रखना बेहतर रहेगा.
Read More : Rajasthan Civic Election: 76% से ज्यादा वोटिंग के बीच विवाद, बीकानेर में भिड़े विधायक-अधिकारी




