Ram Mandir : श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर की प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। ट्रस्ट ने अपने पहले फुल-टाइम चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंगलवार से इस पद के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए 18 उम्मीदवारों के इंटरव्यू शुरू हो गए। CEO पद के लिए ट्रस्ट को देशभर से करीब 5,200 आवेदन मिले थे।
आवेदन प्रक्रिया और प्रारंभिक चयन के बाद 18 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए चुना गया है। सभी शॉर्टलिस्ट उम्मीदवार सोमवार देर रात अयोध्या पहुंच गए थे। उनके ठहरने की व्यवस्था ट्रस्ट की ओर से मंदिर नगरी में अलग-अलग स्थानों पर की गई है।
Ram Mandir
उम्मीदवारों का इंटरव्यू ट्रस्ट की ओर से गठित हाई-पावर पैनल कर रहा है। चयन के दौरान उम्मीदवारों की प्रशासनिक क्षमता, प्रबंधन का अनुभव और बड़े स्तर की जिम्मेदारियां संभालने की योग्यता को परखा जा रहा है। ट्रस्ट चाहता है कि CEO के रूप में ऐसा अधिकारी नियुक्त हो, जो मंदिर से जुड़े बढ़ते प्रशासनिक कामकाज को व्यवस्थित तरीके से संभाल सके।
व्यवस्था पर रहेगा फोकस
फुल-टाइम CEO की नियुक्ति को ट्रस्ट की प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंदिर को मिलने वाले दान और उससे जुड़े प्रबंधन में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट ने इस पद पर पूर्णकालिक अधिकारी नियुक्त करने का निर्णय लिया था। CEO के आने से रोजमर्रा के संचालन, प्रशासनिक कामकाज और वित्तीय प्रबंधन में बेहतर समन्वय की उम्मीद है।
इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद योग्य उम्मीदवार को राम मंदिर ट्रस्ट के पहले फुल-टाइम CEO के तौर पर जिम्मेदारी दी जाएगी। यह नियुक्ति मंदिर के विस्तार और बढ़ते श्रद्धालु दबाव के बीच प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पेशेवर बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
Read More : Lucknow-Kanpur Expressway पर शाम को भी दौड़ेंगी रोडवेज बसें, बढ़ती संख्या के बाद फैसला





