Gorakhpur Tiranga Yatra : गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को तिरंगा यात्रा की अगुवाई की। करीब तीन किलोमीटर लंबी यात्रा में मुख्यमंत्री हाथ में तिरंगा लेकर पैदल चले। शहर के लोगों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और स्कूली बच्चे भी यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए काकोरी ट्रेन घटना को लंबे समय तक ‘डकैती’ के रूप में पढ़ाए जाने पर सवाल उठाया। तिरंगा यात्रा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नगर निगम परिसर पहुंचे और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इसके बाद, उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा की शुरुआत की। यात्रा टाउनहॉल से आगे बढ़ते हुए गोलघर चौराहा, गणेश चौराहा, कालीमंदिर और यातायात चौराहा होते हुए महाराणा प्रताप चौक पहुंची। यहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के बाद यात्रा का समापन हुआ।
Gorakhpur Tiranga Yatra
यात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के क्रांतिकारी युवाओं के आदर्श हैं और उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि आजादी और देश के लिए किए गए संघर्ष का प्रतीक है। बलिदान देने वाले वीरों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने लोगों से तिरंगे को घर ले जाने और उसके साथ सेल्फी लेने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद से 2022 तक काकोरी ट्रेन की घटना को डकैती के रूप में पढ़ाया जाता रहा। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने क्रांतिकारियों की कार्रवाई को डकैती का नाम दिया था, लेकिन स्वतंत्र भारत में भी लंबे समय तक उसी शब्दावली का इस्तेमाल होता रहा।
योगी ने इसे क्रांतिकारियों के सम्मान के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने क्रांतिकारियों के योगदान को सम्मान देने और युवाओं को उनके बलिदान से जोड़ने का काम किया है।
उमड़ा राष्ट्रभक्ति का उत्साह
यात्रा के दौरान पूरे रास्ते तिरंगे लहराते दिखाई दिए। बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री के साथ पैदल चलते रहे। महिलाओं और स्कूली बच्चों में भी खासा उत्साह नजर आया। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ के नारे भी गूंजते रहे। यात्रा के अंतिम पड़ाव पर मुख्यमंत्री ने गुब्बारे उड़ाकर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
REad More : Gorakhpur Green City Road: सीएम योगी ने मंच से रवि किशन की ली चुटकी, सड़क का किया लोकार्पण





