Home » उत्तर प्रदेश » Agra के दो रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प, 7.80 करोड़ रुपये से मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

Agra के दो रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प, 7.80 करोड़ रुपये से मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

Agra News : आगरा रेल मंडल के बटेश्वर और फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी शुरू हो गई है। अमृत भारत स्टेशन योजना और रेलवे पुनर्विकास कार्यक्रम के तहत दोनों स्टेशनों के विकास पर करीब 7.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे यात्रियों के लिए सुविधाएं बेहतर होने के साथ ही दोनों प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी।

आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम के अनुसार, बटेश्वर रेलवे स्टेशन को करीब 3.60 करोड़ रुपये की लागत से डी श्रेणी के हॉल्ट स्टेशन से बी श्रेणी के क्रॉसिंग स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां 750-750 मीटर लंबी दो नई लूप लाइनें बनाई जाएंगी।

Agra का होगा कायाकल्प

नया स्टेशन भवन, हाई लेवल प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्रियों के लिए अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित होंगी। स्टेशन पर पानी की टंकी, बोरवेल, पंप हाउस, दिव्यांगजन रैंप, शौचालय और प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं भी तैयार की जाएंगी। प्रसिद्ध बटेश्वर धाम होने के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। साथ ही यह स्थान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली के रूप में भी जाना जाता है। ऐसे में स्टेशन के विकास से स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को फायदा मिलेगा।

फतेहपुर सीकरी

विश्व धरोहर स्मारक फतेहपुर सीकरी पहुंचने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 4.20 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इसमें प्लेटफॉर्म का विस्तार, शेड, पेयजल व्यवस्था और आधुनिक प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं शामिल हैं। रेलवे की ओर से यात्रियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए सैंड हंप और रेलवे ओवरब्रिज समेत अन्य जरूरी कार्य भी कराए जाएंगे।

पर्यटन को भी मिलेगी रफ्तार

दोनों स्टेशनों के विकसित होने से आगरा मंडल में धार्मिक और पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है। बटेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं और फतेहपुर सीकरी पहुंचने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को स्टेशन पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे यात्रियों का अनुभव बेहतर होने के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

Read More : Agra के बीडी जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज की 500 छात्राओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर, बचाव का अभ्यास

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?