UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में दोबारा सक्रिय हुए मानसून का असर रविवार को तराई और पश्चिमी जिलों में साफ नजर आया। इस दौरान पूर्वी तराई के सिद्धार्थनगर जिले के बांसी क्षेत्र में सबसे ज्यादा 242.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो प्रदेश में सर्वाधिक रही। इसके अलावा कासगंज में 62 मिमी, मुरादाबाद में 53.2 मिमी और बलरामपुर में 45.4 मिमी वर्षा हुई। इस बारिश के चलते जहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए पूर्वी और पश्चिमी तराई के करीब 20 जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
इनमें देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं जैसे जिले शामिल हैं।
UP Weather Update
प्रदेश के करीब 51 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है, जिनमें प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया से लेकर सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, लखनऊ और अयोध्या जैसे क्षेत्र भी दायरे में हैं। जिन जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है, वहां प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसूनी ट्रफ इस समय उत्तर की ओर खिसक चुकी है, जिसकी वजह से बंगाल की खाड़ी से नमी का प्रवाह लगातार बढ़ रहा है।
तेज वर्षा भी दर्ज
उन्होंने बताया कि इसके असर से तीन से छह अगस्त के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जबकि कई जिलों में तेज वर्षा भी दर्ज की जा सकती है। ऐसे में मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के लोगों से आने वाले दिनों में मौसम को लेकर पूरी सावधानी बरतने को कहा है।
Read More : UPPSC PCS 2026: आवेदन की आखिरी तारीख 3 अगस्त, डिप्टी कलेक्टर-DSP समेत 500 पदों पर भर्ती





