August : आगरा मेट्रो परियोजना को लेकर यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने पहले कॉरिडोर के पांच नए स्टेशनों का निर्माण लगभग पूरा कर लिया है। इन स्टेशनों पर मेट्रो का हाईस्पीड ट्रायल भी सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। अब संभावना जताई जा रही है कि अगस्त महीने में ताज पूर्वी स्टेशन से आईएसबीटी तक मेट्रो सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही आगरा और कानपुर मेट्रो का उद्घाटन एक साथ होने की भी तैयारी है। आगरा मेट्रो का पहला कॉरिडोर ताज पूर्वी से सिकंदरा तक विकसित किया जा रहा है।

करीब 14 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में कुल 13 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। वर्तमान में मेट्रो सेवा ताज पूर्वी से मनकामेश्वर स्टेशन तक संचालित हो रही है। अब अगले चरण में एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा मंडी, आरबीएस कॉलेज और आईएसबीटी स्टेशन भी तैयार हो चुके हैं, जिससे यात्रियों को शहर के प्रमुख इलाकों तक तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
August में होगा संचालन
यूपीएमआरसी के अनुसार सभी पांच नए स्टेशनों पर हाईस्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। फिलहाल आईएसबीटी स्टेशन पर फिनिशिंग का कार्य अंतिम चरण में है। निर्माण कार्य पूरा होते ही ताज पूर्वी से आईएसबीटी तक मेट्रो का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे शहर के भीतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी। नई मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को बेहतर मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। राजा मंडी मेट्रो स्टेशन को रेलवे स्टेशन से जोड़ा गया है, जिससे ट्रेन यात्रियों को सीधी मेट्रो सुविधा मिल सकेगी। वहीं आईएसबीटी स्टेशन के शुरू होने से बस अड्डे तक भी आसान और तेज पहुंच संभव होगी। इससे शहर में यात्रा का समय कम होगा और ट्रैफिक दबाव घटने की उम्मीद है।
PM कर सकते हैं लोकार्पण
यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि पहले कॉरिडोर के पांचों स्टेशन संचालन के लिए तैयार हैं और अगस्त में मेट्रो सेवा शुरू होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि परियोजना के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से कार्यक्रम की तिथि का इंतजार किया जा रहा है। उम्मीद है कि अगले महीने आगरा और कानपुर मेट्रो का उद्घाटन एक साथ किया जाएगा।
आईएसबीटी तक मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद मेडिकल कॉलेज, शैक्षणिक संस्थानों, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे तक पहुंचना पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो जाएगा। इससे रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को समय की बचत होगी और शहर की यातायात व्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
Read More : Fatehpur को सीएम योगी ने दी 489 करोड़ की सौगात, 125 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास




