Mudia Purnima Mela 2026 : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध 470वें राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेले का गुरुवार से शुभारंभ हो गया। 23 जुलाई से 29 जुलाई तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से करीब डेढ़ करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालु गिरिराज महाराज की 21 किलोमीटर लंबी परिक्रमा कर आस्था और श्रद्धा के साथ पुण्य अर्जित करेंगे। पिछले वर्ष भी इस मेले में लगभग डेढ़ करोड़ श्रद्धालुओं ने भाग लिया था, जबकि इस बार संख्या और अधिक रहने की संभावना जताई जा रही है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को व्यवस्थित ढंग से संभालने के लिए प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 22 जोन और 64 सेक्टर में विभाजित किया है। प्रत्येक क्षेत्र की जिम्मेदारी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
Mudia Purnima Mela 2026
मेले को सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए पांच हजार से अधिक पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 37 अस्थायी पुलिस चौकियां, 31 वॉच टावर और 54 ‘गिरिराज मोबाइल’ टीमें सक्रिय रहेंगी। मानसी गंगा, राधाकुंड और अन्य प्रमुख जलाशयों पर पीएसी, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर लगातार निगरानी करेंगे। इसके अलावा सादी वर्दी में पुलिसकर्मी और एलआईयू की टीमें भी पूरे मेले पर नजर बनाए रखेंगी।
होगी 24 घंटे मॉनिटरिंग
पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए पीडब्ल्यूडी भवन में अत्याधुनिक केंद्रीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां से 690 सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा तीन महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रोन कैमरों की सहायता से भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। परिक्रमा मार्ग, दानघाटी मंदिर, मुखारविंद, मानसी गंगा और अन्य प्रमुख स्थलों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। संचार व्यवस्था मजबूत रखने के लिए 24 स्थानों पर रेडियो पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।
सेवाओं के विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए 61 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। परिक्रमा मार्ग पर भीड़ नियंत्रित रखने के उद्देश्य से गोवर्धन कस्बे में भारी और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं चिकित्सा सुविधाओं के लिए 24 स्वास्थ्य शिविर, 6 मोबाइल मेडिकल टीमें, एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी। मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। मथुरा जंक्शन पर 21 और गोवर्धन स्टेशन पर 4 अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे। स्टेशन परिसर में हेल्प डेस्क, खोया-पाया केंद्र, चिकित्सा शिविर और एम्बुलेंस सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
अग्नि सुरक्षा के लिए गोवर्धन में अस्थायी फायर स्टेशन बनाया गया है। पूरे मेला क्षेत्र को पांच फायर जोन और 32 फायर प्वाइंट में बांटकर बड़ी और मध्यम क्षमता की दमकल गाड़ियां, हाई प्रेशर वाटर मिस्ट वाहन तथा फायर बाइक तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
Read More : Petrol में कितना मिला है एथेनॉल? 2 मिनट में ऐसे करें जांच, अब रसोई तक पहुंचाने की तैयारी में सरकार




