NEET UG 2026 Result : लखनऊ के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा गुरुवार देर रात घोषित परिणाम में लखनऊ के शिवांश ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 152 हासिल कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। इसके अलावा याशिर, मोहित, चिन्मय और शावेज समेत कई अन्य छात्रों ने भी बेहतरीन रैंक हासिल कर मेडिकल प्रवेश परीक्षा में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
शिवांश के अलावा याशिर ने ऑल इंडिया रैंक 157 हासिल की। वहीं मोहित को 550वीं, चिन्मय को 569वीं और शावेज को 738वीं रैंक मिली। इन विद्यार्थियों की सफलता ने लखनऊ को NEET UG 2026 के बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों में शामिल कर दिया है।
NEET UG 2026 Result
परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद लाखों अभ्यर्थियों ने एक साथ NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन किया। अचानक बढ़े ट्रैफिक की वजह से वेबसाइट की गति धीमी हो गई और कुछ समय के लिए तकनीकी दिक्कतें भी सामने आईं। कई छात्रों और अभिभावकों ने सोशल मीडिया पर वेबसाइट न खुलने की शिकायत की। हालांकि, तकनीकी समस्या दूर होने के बाद अधिकांश अभ्यर्थी अपना परिणाम देखने में सफल रहे।
75 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा
NEET UG 2026 का पुनर्परीक्षा (री-एग्जाम) 21 जून को आयोजित किया गया था। लखनऊ में इसके लिए 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां 35,494 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। अब सफल अभ्यर्थी एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेंगे। NTA के अनुसार, इस वर्ष 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने मेडिकल और स्वास्थ्य विज्ञान से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्रता हासिल की है। देशभर में 138 छात्रों ने 720 में से 690 से अधिक अंक प्राप्त किए। इनमें 93 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी पहली बार परीक्षा में शामिल हुए थे, जबकि लगभग 99 प्रतिशत टॉपर्स की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच रही।
जारी आंकड़ों के अनुसार 19 अभ्यर्थियों ने 700 से अधिक अंक हासिल किए। वहीं 1,492 छात्रों ने 650 या उससे अधिक, 10,160 छात्रों ने 600 या उससे अधिक तथा 90,780 अभ्यर्थियों ने 500 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार भी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
Read More : Ajab-Gajab: दुनिया का इकलौता देश, जो 2 महाद्वीपों में है फैला; जानिए इसकी भौगोलिक पहचान




